मथुरा बार एसोसिएशन चुनाव में रिकॉर्ड मतदान:95% अधिवक्ताओं ने डाले वोट, 35 प्रत्याशयों का भाग्य मत पेटियों में बंद

मथुरा बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव शुक्रवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। कुल 3544 मतदाताओं में से 3313 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। करीब 95 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिसे बार एसोसिएशन के चुनावों के इतिहास में रिकॉर्ड मतदान माना जा रहा है। सुबह 9 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम 5 बजे तक चली। इस दौरान अध्यक्ष, सचिव समेत 6 पदों के लिए कुल 35 प्रत्याशी मैदान में रहे। मतदान समाप्त होने के बाद सभी प्रत्याशियों का भविष्य मतपेटियों में बंद हो गया है। मतदान के दौरान कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति भी बनी, जब बैलट पेपर में गड़बड़ी को लेकर अधिवक्ताओं ने आपत्ति जताई और हंगामा हुआ। स्थिति बिगड़ने पर कुछ देर के लिए मतदान रोकना पड़ा, हालांकि चुनाव अधिकारियों और वरिष्ठ अधिवक्ताओं के हस्तक्षेप से मामला जल्द ही शांत हो गया और मतदान प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहने के कारण कोई बड़ा विवाद सामने नहीं आया। चुनाव अधिकारी एवं बार अध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही और अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर इसमें भाग लिया। उन्होंने जानकारी दी कि मतगणना शनिवार सुबह 9 बजे से शुरू होगी और परिणाम घोषित होने तक जारी रहेगी। नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर अब अधिवक्ताओं की निगाहें चुनाव परिणामों पर टिकी हुई हैं।