वाराणसी में मणिकर्णिका घाट मामले में 8 लोगों पर केस:GVS कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने दी तहरीर, AI जनरेटेड तस्वीरें फैलाने का आरोप

वाराणसी में मणिकर्णिका घाट पर मढ़ी और मूर्ति तोड़ने के मामले में सीएम के काशी पहुंचने के बाद प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। सीएम की ओर से वीडियो को एआई जनरेटेड बताए जाने के बाद कार्यदायी संस्था GVS इंजीनियरिंग कंसल्टेंट के प्रोजेक्ट मैनेजर ने चौक थाने में केस दर्ज कराया है। प्रोजेक्ट मैनेजर ने अपनी तहरीर में आठ लोगों को नामजद किया है, वहीं X हैंडल को भी भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने के लिए आरोपी बनाया है। जिन पर केस दर्ज कराया वे सभी सोशल मीडिया यूजर हैं और अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा तोड़ने का वीडियो शेयर किया है। बता दें कि शनिवार शाम को काशी पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने काशी में मणिकर्णिका घाट पर रानी अहिल्याबाई की मूर्ति टूटने के विवाद पर सीएम योगी ने कांग्रेस को दोषी ठहराया था। उन्होंने दावा किया था कि रानी की मूर्ति सुरक्षित रखी है। कांग्रेस ने AI से मूर्ति टूटने का वीडियो बनाया। यह काशी को बदनाम करने की साजिश है, साजिश का पर्दाफाश होना चाहिए। शनिवार रात रामानाथपुरम, तमिलनाडु निवासी GVS कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर मानो पंच्चामल ने तहरीर देकर बताया कि उसकी कंपनी मणिकर्णिका घाट पर सौन्दर्यीकरण और विकास कार्य कर रही है। सोशल मीडिया एक्स हैंडल के माध्यम से पता चला कि मणिकर्णिका घाट पर चल रहे सौन्दर्यीकरण के कार्य का वर्णन करते हुए कुछ फोटो वीडियो वायरल हो रहे हैं। ये फोटो वास्तविक तथ्यों के विपरीत असत्य व निराधार एवं भ्रामक तथ्यों पर आधारित एक्स हैण्डल यूजर Ashutosh Potnis (@daksinapathpati) ने 16.01.2026 को 10.02 PM पर एक्स हैण्डल के माध्यम से जारी किए। भ्रामक एवं वास्तविक तथ्यों के विपरीत एक्स हैण्डल पर फोटोग्रॉफ्स शेयर कर हिन्दू देवी-देवताओं में आस्था रखने वाले आमजन को एक्स हैण्डल के माध्यम से धोखा देते हुये भ्रमित किया गया है। इससे समाज में आक्रोश उत्पन्न कर सामाजिक सौहार्द खराब किया गया है, जिससे एक्स हैण्डल पर तरह-तरह के कमेंट आ रहे हैं। भारत सरकार को विदेशी आक्रांता औरंगजेब से जोड़ा गया है जिससे सरकार में आस्था रखने वाले लोगो में आक्रोश उत्पन्न हुआ है, सामाजिक सौहार्द खराब हुआ है। एक्स हैण्डल पर कुछ असामाजिक तत्वों की ओर से लगातार रि-कमेंट कर रहे है एवं अन्य सोशल मीडिया पर तरह-तरह के सामाजिक सौहार्द खराब करने की टिप्पणी कर रहें है। उपरोक्त एक्स हैण्डल यूजर एवं रि-ट्रीट व कमेंट करने वालों द्वारा किये गए कृत्य से सामाजिक सौहार्द खराब हुआ है। प्रोजेक्ट मैनेजर की तहरीर पर चौक थाने में अलग-अलग आठ आरोपियों पर केस दर्ज किए गए हैं। समाज में आक्रोश पैदा करने, सामाजिक सौहार्द खराब करने, मणिकर्णिका घाट के सुंदरीकरण कार्य को लेकर AI जनरेटेड तस्वीरें एवं भ्रामक सूचना फैलाने पर 8 अलग अलग अभियोग BNS की धारा 196, 298,299 , 353 के तहत दर्ज किए हैं