एमजी रोड स्थित क्षेत्र बजाजा की सेवाएं बंद:18 महीने तक दूसरी जगह से ले सकते सेवा, जर्जर भवन का पुनर्निर्माण है वजह

एमजी रोड स्थित बजाजा सेवा सदन से संचालित श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी की सेवाएं अब अस्थायी रूप से यहां से उपलब्ध नहीं होंगी। सेवा सदन के जर्जर भवन के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू किए जाने के कारण यह निर्णय लिया गया है। यह व्यवस्था रविवार 18 जनवरी 2026 से लागू हो गई है। कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि सेवा सदन के स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया भवन बनाया जाएगा, जिसके निर्माण में लगभग 18 महीने का समय लगने का अनुमान है। निर्माण अवधि के दौरान समाज को मिलने वाली सेवाएं प्रभावित न हों, इसी उद्देश्य से सेवाओं को वैकल्पिक स्थानों पर संचालित किया जा रहा है। नि:शुल्क भोजन सेवा को फिलहाल यथावत रखा गया है, जबकि अन्य सभी सेवाएं ताजगंज स्थित विद्युत मोक्षधाम (लाल किले के पास) से उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां अंतिम संस्कार से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि जरूरतमंद परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा, रावतपाड़ा स्थित मुख्य कार्यालय की सेवाएं पूर्व की तरह संचालित रहेंगी। यहां कफन सामग्री, आयुर्वेदिक औषधालय, बर्तन वितरण सहित अन्य सामाजिक सेवाएं लगातार मिलती रहेंगी। कमेटी ने समाज के लोगों से अपील की है कि अस्थायी व्यवस्था के दौरान सहयोग बनाए रखें। कमेटी अध्यक्ष अनिल अग्रवाल और राजीव अग्रवाल ने बताया कि सेवा सदन का पुनर्निर्माण समाज की सुविधा और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। निर्माण कार्य पूर्ण होते ही सभी सेवाएं नए भवन से दोबारा शुरू कर दी जाएंगी। सेवाओं से जुड़ी जानकारी के लिए कमेटी के सेवा नंबर 9319809451 और 9359555111 जारी किए गए हैं। वहीं, रावतपाड़ा स्थित मुख्य कार्यालय के लिए 0562-2466203 और 9319053279 पर संपर्क किया जा सकता है।