मेडिकल कॉलेज के ऑर्थो वार्ड में बेड पर कुत्ते, VIDEO:मरीज के बगल लेटे दिखे, साफ-सफाई का काम देखने वाली कंपनी को नोटिस

गोंडा जिला मेडिकल कॉलेज एक बार फिर सुर्खियों में है। ऑर्थो वार्ड-2 का एक वीडियो सामने आया है, इसमें तीन कुत्ते बेड पर आराम से लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो दो दिन पुराना बताया जा रहा है। इसे वार्ड में भर्ती एक मरीज के तीमारदार ने बनाया है। इससे पहले इसी वार्ड में चूहों का वीडियो भी सामने आया था। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कई गंभीर मरीज घायल अवस्था में वार्ड में भर्ती हैं। इन्हीं मरीजों के बगल में पड़े खाली बेड पर एक नहीं, बल्कि तीन कुत्ते आराम फरमा रहे हैं। इस घटना ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस पूरे मामले पर गोंडा मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर धनंजय श्रीकांत कोटस्थाने ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कुत्तों को पकड़ने के लिए गोंडा नगर पालिका विभाग को कई बार पत्र लिखा है, लेकिन उनकी ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रधानाचार्य ने यह भी बताया कि साफ-सफाई का काम देखने वाली कंपनी को भी इस लापरवाही के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।