कुशीनगरके तरया सुजान थाना क्षेत्र में एक नवदंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। रविवार रात करीब 8:30 बजे किनवारी टोला में अरुण शर्मा (पुत्र हरेंद्र शर्मा) और उनकी पत्नी नेहा के शव मिले। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक अरुण का शव बिस्तर पर मिला, जबकि नेहा का शव लहूलुहान हालत में नीचे पड़ा था। घटनास्थल पर झूठे बर्तन भी मिले, जिससे यह संकेत मिला कि परिवार ने खाना खाया था। नेहा के हाथ के पास सिंदूर की डिब्बी और अरुण के हाथों में सिंदूर लगा पाया गया। नेहा की मांग भी भरी हुई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद तरया सुजान थाने की पुलिस, क्षेत्राधिकारी (सीओ) और अपर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।अरुण और नेहा ने पिछले साल नवंबर में परिजनों की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था। नेहा नाबालिग और दलित समुदाय से थीं, जिसके चलते नेहा की मां ने बिशनपुर थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया था। दोनों के घरों के बीच लगभग 30 किलोमीटर की दूरी थी। अरुण के परिवार के सदस्य भी इस शादी से खुश नहीं थे। विवाह के बाद यह दंपत्ति गांव छोड़कर चले गए थे और दो दिन पहले ही लौटे थे। मौनी अमावस्या के दिन पति-पत्नी स्नान कर घर आए थे। घटना के समय अरुण के घर में उसकी मां और पिता मौजूद थे, जबकि उसका छोटा भाई प्रदेश में है। अरुण के पिता और दोनों भाई बढ़ई का काम करते हैं। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि रात 8:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि अरुण ने अपनी पत्नी की हत्या कर खुद को फांसी लगा लिया है। ग्रामीणों ने उसे जीवित समझकर दरवाजा तोड़कर फंदे से उतारा और बिस्तर पर रखा। इसी दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। प्रथम दृष्ट्या यह प्रतीत होता है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद अरुण ने पहले अपनी पत्नी का गला काटकर हत्या की और फिर खुद को फांसी लगा लिया। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।