ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली गोल्फ होम्स एवं किंग्सवुड सोसायटी में रविवार को जनरल बॉडी मीटिंग (जीबीएम) के दौरान जमकर हंगामा हुआ। निवासियों ने एडहॉक अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) के सदस्यों पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया और जीबीएम को बर्खास्त कर दिया। सोसायटी के निवासी गौरव और शिवराज ने बताया कि जीबीएम शुरू होने पर जब लोगों ने सवाल पूछने शुरू किए, तो उन्हें मौका नहीं दिया गया। आरोप है कि उनके हाथों से माइक छीन लिए गए और एडहॉक एओए के सदस्यों ने गलत शब्दों का प्रयोग करते हुए दुर्व्यवहार किया, जिससे निवासी आक्रोशित हो गए। विरोध प्रदर्शन के दौरान सुरक्षाकर्मियों और निवासियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। जीबीएम में उपस्थित लोगों ने हाल ही में पास किए गए एफएमएस टेंडर का पूरा विवरण मांगा। इस टेंडर के तहत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये प्रति माह की एजेंसी नियुक्त की गई है। हालांकि, एडहॉक एओए सदस्यों ने टेंडर से जुड़े कोई भी दस्तावेज़ साझा करने से इनकार कर दिया। सतीश, राजाराम और उज्जवल ने आरोप लगाया कि एडहॉक एओए के अध्यक्ष ने लोगों से आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद, निवासियों ने अपनी एक बैठक आयोजित की और निर्णय लिया कि एडहॉक एओए द्वारा लिए गए सभी प्रमुख वित्तीय निर्णयों, विशेषकर टेंडर की, स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए। यह प्रस्ताव शीघ्र ही कोर्ट रिसीवर एवं रजिस्ट्रार को आवश्यक कार्रवाई के लिए सौंपा जाएगा। निवासियों का कहना है कि सोसायटी का संचालन किसी भी स्थिति में तानाशाही, गाली-गलौज और अपारदर्शिता के आधार पर नहीं किया जा सकता है।