लखनऊ लाजपत नगर चौक इलाके में हुक्काबार के बाहर गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित प्रियांशु गुप्ता ने बताया कि उनके घर के पास स्थित स्टिल हंगरी नामक हुक्काबार में आने वाले लोग अक्सर उनकी गेट के सामने वाहन खड़े कर देते हैं। प्रियांशु ने बताया जब उन्होंने वाहन हटाने को कहा तो वहां मौजूद लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इस दौरान शुभम गुप्ता, हिमांशु सोनकर और लव सिंह सहित करीब 10–12 लोगों ने मिलकर प्रियांशु और उनके भाई हिमांशु के साथ मारपीट की। हमले में प्रियांशु को मुंह और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। इंस्पेक्टर चौक नागेश उपाध्याय का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी में दिखे आरोपी युवक सीसीटीवी फुटेज में कई युवक मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। जिसमें एक लड़का जोर से धक्का देता है जिसके बाद पीड़ित सड़क पर गिर जाता है। इसके बाद 8 से 10 लड़के उसको गिराकर मारने लगते हैं।