रायबरेली रेलवे स्टेशन पर रविवार शाम एक 65 वर्षीय बुजुर्ग ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना में उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना रविवार शाम उस समय हुई, जब लखनऊ से प्रयागराज जा रही गाड़ी संख्या 15076 प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर पहुंच रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर आते ही बुजुर्ग व्यक्ति अचानक उसके सामने कूद गया। इस घटना के बाद स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान आदर्श पुरम, एकता विहार रतापुर निवासी 65 वर्षीय गुलाब चंद्र पुत्र सुरूप राम के तौर पर हुई है। जीआरपी पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जीआरपी थाना प्रभारी सचिन पटेल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बुजुर्ग द्वारा आत्महत्या करने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।