आगरा में बसंत ऋतु की शुरुआत के साथ ही आगरा में युवाओं की ऊर्जा और संस्कार एक मंच पर दिखाई दिए। उत्तर प्रदेश राज्य सत्रंग एसोसिएशन (UPRSA) के तत्वावधान में ‘यूथ फेस्टिवल-2026’ का प्रथम संस्करण रविवार को आगरा सिटी ब्रांच, दयालबाग में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आगरा सिटी, अलोरा और आनंद बाग शाखा के युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए मानव सेवा, नैतिकता और सामाजिक मूल्यों का संदेश दिया गया। मंच पर कव्वाली, लघु नाटिका, देशभक्ति गीत, भक्ति गीत और प्रार्थना गीतों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां हुईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के संयोजक शरद सिन्हा ने बताया कि इस तरह के आयोजन प्रदेश भर की सत्रंग शाखाओं में वर्ष भर किए जाएंगे। इसका उद्देश्य युवाओं में सेवा भाव, शिक्षा, सद्भाव और सुदृढ़ चरित्र निर्माण की भावना को मजबूत करना है। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य सत्रंग एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री राकेश नागर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में विकास सिन्हा (कर्नल, रिटायर्ड), आर. के. सिंह, डॉ. एन. के. सक्सेना, सुरेश कुमार, लवपति सिंह और कल्पनाथ जी शामिल रहे। कार्यक्रम में आनंद प्रकाश, मुकुल सिन्हा, विनिता श्रीवास्तव, अनिल सत्रंगी, श्रुति सिन्हा, अरुण सक्सेना, महाराज सरन, तान्या चौधरी, सत्य प्रकाश, प्रेम सरन, इंदर सरन और दिलीप कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रुति सिन्हा ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण उत्तर प्रदेश की 50 से अधिक शाखाओं में किया गया।