कन्नौज में रविवार देर शाम को जीटी रोड मिरगांवा क्रासिंग के पास ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो युवक। बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को कानपुर रेफर कर दिया गया। ये एक्सीडेंट गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के मिरगावां रेलवे क्रासिंग के पास हुआ। गुरसहायगंज के रामगंज मोहल्ला निवासी आकाश (28) पुत्र मुकेश और रजत द्विवेदी (30) पुत्र अखिलेश निवासी तिर्वा रोड रविवार शाम होटल में खाना खाने गए थे। वहां से वापस लौटते समय उनकी बाइक ट्रैक्टर में टकरा गई, जिससे दोनों बुरी तरह घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को गुरसहायगंज सीएचसी पहुंचाया, जहां हालत गम्भीर होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिए। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने आकाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि रजत को गम्भीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि आकाश की मोबाइल शॉप है। जबकि रजत बीएससी कम्प्लीट कर के कम्पटीशन की तैयारी कर रहा था। एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने आकाश के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया।