बलिया के रसड़ा में आयोजित एक कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर का एक वीडियो सामने आया है। इसमें उन्होंने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह पर चुटकी लेते हुए कई टिप्पणियां कीं। यह कार्यक्रम रसड़ा में हुआ, जहां मंच से परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने क्षेत्र के विकास को लेकर घोषणाएं की थीं। इसके बाद जब कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर की बारी आई, तो उन्होंने अपने संबोधन में हास्य का पुट जोड़ा। राजभर ने शुरुआत में कहा कि लोग देर से आए हैं और शायद सोच रहे होंगे कि नेता केवल भाषण दे रहे हैं, कंबल नहीं। इस बात पर उन्होंने खुद ठहाका लगाया। इसके बाद उन्होंने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह पर चुटकी लेना शुरू किया। ओपी राजभर ने कहा कि रसड़ा में 15 साल पहले कुछ नहीं था, लेकिन अब रेलवे स्टेशन और बस अड्डा देखने लायक हैं। उन्होंने आगे कहा, मुझे पूरा विश्वास है, जहां ये (परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह) माल रखते हैं, वहीं बगल में हम रहते हैं। उन्होंने यह बात हंसते हुए एक बार नहीं, बल्कि दो बार दोहराई। राजभर ने आगे कहा कि अब मंत्री जी ने जो घोषणाएं की हैं, उन्हें पूरा करवाना उनकी जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा,”हम रोज याद दिलाएंगे। उन्होंने हथियाराम मठ के श्री महाराज जी का जिक्र करते हुए कहा कि अगली बार जब नेता आएं, तो उन्हें शाबाशी मिले कि दयाशंकर भाई ने जो कहा, उसे कर दिखाया। राजभर ने विश्वास जताया कि वे दयाशंकर सिंह से लड़कर माल ले लेंगे और काम तो होगा ही। कंबल वितरण कार्यक्रम के संबंध में, राजभर ने कहा कि यह हमारे मठ के मठाधीश द्वारा आयोजित एक बड़ा कार्यक्रम है, जो हर साल होता है। उन्होंने बताया कि इस साल का कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में सबसे बड़ा कार्यक्रम बनकर इतिहास रचने का काम किया है।