कानपुर में समस्या समाधान शिविर:शास्त्री नगर में गूंजा दिव्यांग अधिकारों का स्वर,118 उम्मीदों को मिली नई राह

राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी द्वारा दिव्यांगजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शास्त्री नगर स्थित बड़ा सेंट्रल पार्क, बगिया गेट नंबर-4 में एक समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में दूर-दराज से आए कुल 118 दिव्यांगजनों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें सबसे अधिक शिकायतें दिव्यांग पेंशन, रेलवे यूनिक कार्ड, आवास और रोजगार से संबंधित थीं। शिविर में प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, रेलवे यूनिक कार्ड न बनने की 35, दिव्यांग पेंशन से संबंधित 30, आवास की 18, रोजगार के लिए ऋण की 13, अंत्योदय राशन कार्ड की 14 तथा आय प्रमाण पत्र न बनने की 8 शिकायतें दर्ज की गईं। राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने शिविर में उपस्थित रहकर दिव्यांगजनों की समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया। कुमार ने कहा कि पेंशन में अनावश्यक देरी दिव्यांगजनों के लिए एक गंभीर समस्या बन चुकी है। इस संबंध में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यह भी बताया कि रेलवे विभाग द्वारा रेलवे यूनिक कार्ड की ऑफलाइन प्रक्रिया समाप्त कर दी गई है और अब आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में दिव्यांगजन परेशान हो रहे हैं और पार्टी कार्यालय में कार्यदिवसों में आकर सहयोग प्राप्त कर सकते हैं। शिविर में पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिन्होंने शिकायतें दर्ज करने और उन्हें संबंधित विभागों तक पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की। दिव्यांगजनों ने इस शिविर को उपयोगी बताया।