मेरठ में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत 543 लाभार्थियों को पहली किस्त जारी की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से ऑनलाइन माध्यम से 5 करोड़ 43 लाख रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित किए। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में देखा गया। मेरठ में आयोजित कार्यक्रम में महापौर हरिकांत अहलूवालिया, जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने जोर दिया कि ये आवास गरीब परिवारों के स्वावलंबन का मजबूत आधार हैं। सजीव प्रसारण के बाद, जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में मेरठ नगर निगम, मवाना, बहसूमा, किठौर, शाहजहांपुर और सरधना सहित विभिन्न नगर पंचायत/पालिकाओं के लाभार्थियों को धनराशि वितरण पत्र सौंपे गए। महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने कहा कि सरकार समग्र विकास के पथ पर अग्रसर है और प्रत्येक जरूरतमंद को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित किया जा रहा है। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार, अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, विभिन्न नगर पालिकाओं के चेयरमैन, ईओ और अन्य संबंधित अधिकारी व लाभार्थी उपस्थित थे।