देवरिया में सड़क हादसे में छात्र की मौत:खड़ी ट्रक से टकराई बाइक, दोस्त गंभीर घायल

देवरिया के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार छात्र आकाश निषाद की मौत हो गई। इस दुर्घटना में उसका दोस्त सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा रुद्रपुर-गौरी बाजार मार्ग पर गहिला दूधैला गांव के पास हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक से टकरा गई। घटना सोमवार रात करीब 8:30 बजे गहिला दूधैला स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने हुई। जंगल अकटहा गांव निवासी आकाश निषाद पुत्र दिनेश और सुनील कुमार पुत्र शंभू (दोनों 20 वर्ष) बाइक से रुद्रपुर बाजार गए थे। बाजार से घर लौटते समय उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी कल्याण सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को एंबुलेंस की मदद से रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। देवरिया मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने आकाश निषाद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सुनील कुमार को अस्पताल में भर्ती कर उसका इलाज शुरू कर दिया गया है। घायल सुनील की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। आकाश की मौत की सूचना उसके परिजनों को दी गई। चिकित्सकों की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क किनारे भारी वाहनों को खड़ा करने को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।