संभल के बहजोई स्थित जिला कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया की अध्यक्षता में कल्कि देवतीर्थ समिति और पर्यटन विभाग की संयुक्त बैठक हुई। सोमवार शाम 7 बजे शुरू हुई यह बैठक रात 8:30 बजे तक चली। बैठक में उपजिलाधिकारी संभल रामानुज ने भूमि अधिग्रहण, सड़क निर्माण के प्रस्तावों और तीर्थों की खोज से संबंधित जानकारी दी। अपर जिलाधिकारी प्रदीप वर्मा ने बताया कि 52 किलोमीटर लंबी 24 कोसीय परिक्रमा के प्रस्ताव शासन को भेजे जा चुके हैं। उन्होंने संभल तीर्थ के विकास और परिक्रमा मार्ग के समयबद्ध निर्माण के लिए भी प्रस्ताव भेजने की जानकारी दी। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने संबंधित अधिकारियों को सभी तीर्थों और परिक्रमा मार्ग का सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने समिति के सदस्यों के सभी प्रस्तावों को सुना और उनके निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों और समिति सदस्यों से उत्तर प्रदेश बेड एंड ब्रेकफास्ट (बी एंड बी) एवं होमस्टे नीति 2025 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया। बैठक में सीडीओ गोरखनाथ भट्ट, तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह, संभल नगर पालिका ईओ डॉ. मणिभूषण तिवारी, नैमिषारण्य तीर्थ प्राचीन क्षेमनाथ के महंत बालयोगी दीनानाथ महाराज, अनंतपुरी महाराज अट्टा अतौरा, महाराज ऋषिराज गिरी मां कैलादेवी धाम, अजय सिंघल, संजय गुप्ता पोली और राजकुमार शर्मा सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।