कश्यप सेना अध्यक्ष और कोतवाल की तीखी बहस, VIDEO:मैनपुरी में मिली थी जली लाश, शव गांव ले जाते समय हुई झड़प

मैनपुरी के कुर्रा थाना क्षेत्र में एक जली हुई लाश मिलने के बाद देर रात भांवत चौराहे पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को गांव ले जाते समय भारतीय कश्यप सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप सिंह खालसा और शहर कोतवाल फतेह बहादुर सिंह भदौरिया के बीच तीखी बहस हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना सोमवार को कुर्रा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत शौज के मजरा सेहा खुर्द में हुई थी। यहां 45 वर्षीय बैंचें लाल कश्यप का जला हुआ शव उनके खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शव की हालत इतनी खराब थी कि परिजनों ने इसे हत्या करार दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया और मामले की जांच शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद जब शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव ले जाया जा रहा था, तभी भांवत चौराहे पर कश्यप सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप सिंह खालसा और शहर कोतवाल के बीच विवाद शुरू हो गया। कश्यप सेना के समर्थकों ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो मैनपुरी शहर में जाम लगाया जाएगा। इस पर प्रभारी निरीक्षक फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिम्मेदार हैं और किसी भी कीमत पर शांति भंग नहीं होने दी जाएगी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच सड़क पर ही तीखी नोकझोंक हुई। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया। पुलिस ने बताया है कि जली हुई लाश के मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।