नो एंट्री जोन में ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा:युवक की मौत, चालक फरार; घटना CCTV में कैद

रामपुर में मंगलवार शाम नो एंट्री जोन में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसका वीडियो सामने आया है। मामला स्वार–बाजपुर मार्ग पर अजीमनगर थाना क्षेत्र का है। यह हादसा थाना अजीमनगर क्षेत्र में खौद स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने हुआ। जानकारी के अनुसार ट्रक स्वार–बाजपुर मार्ग से एक लिंक रोड की ओर मुड़ रहा था। इसी दौरान रॉन्ग साइड से आ रहे बाइक सवार युवक को ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक का अगला पहिया युवक के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान इमरता गांव निवासी 33 वर्षीय फुरकान पुत्र इसरार के रूप में हुई है। फुरकान शहर में मोबाइल की दुकान चलाता था और दुकान का सामान लेने के लिए गांव से शहर आ रहा था। मृतक के परिजनों का कहना है कि यह हादसा नो एंट्री जोन में हुआ, जहां सुबह से रात 8 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद ट्रक का इस मार्ग पर आना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। सूचना मिलने पर थाना अजीमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी भेज दिया। फरार चालक द्वारा छोड़े गए ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी कर्म सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ट्रक की रफ्तार और हादसे की भयावहता साफ देखी जा सकती है।