ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने पुलों का निरीक्षण किया:सड़क सुरक्षा उपायों को बेहतर बनाने के निर्देश दिए

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर में सड़क सुरक्षा उपायों को बेहतर बनाने के लिए अभियान चलाया है। इसी कड़ी में मंगलवार को प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह और प्रेरणा सिंह ने नालों पर बने पुलों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा रेलिंग को मजबूत करने, रिफ्लेक्टर और कैट्स आई लगाने के निर्देश दिए। यह अभियान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देशों पर शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य सड़कों पर आवागमन को अधिक सुरक्षित बनाना है। प्राधिकरण की टीम सोमवार से इस कार्य में जुटी हुई है। एसीईओ ने सेक्टर गामा वन और पी-3 के पास बनी पुलिया पर विशेष रूप से सड़क सुरक्षा उपायों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान, एसीईओ ने सेक्टर पाई वन में एक बिल्डर प्रोजेक्ट का भी दौरा किया और सुरक्षा उपायों की समीक्षा की। उन्होंने बिल्डर को अधिक बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, सेक्टर स्वर्णनगरी में सड़क किनारे नालियों पर टूटे स्लैब को तुरंत ठीक करने के लिए भी कहा गया। अधिकारियों ने सेक्टर पी-1 स्थित सिटी सेंटर और शगुन मार्ट का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक मनोज सचान, वरिष्ठ प्रबंधक रतिक और प्रबंधक संध्या सिंह भी दोनों एसीईओ के साथ मौजूद रहे।