विश्व धरोहर ताजमहल पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने की मांग अब तेज हो गई है। मंगलवार को राष्ट्रीय हिंदू परिषद (भारत) के कार्यकर्ताओं ने पुरानी मंडी चौराहा स्थित ताजमहल मेट्रो स्टेशन पर प्रदर्शन कर अपनी मांग दोहराई। संगठन का कहना है कि देश के अधिकांश राष्ट्रीय स्मारकों पर तिरंगा शान से लहरा रहा है, लेकिन विश्व प्रसिद्ध ताजमहल पर राष्ट्रीय ध्वज न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। राष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित गोविंद पाराशर ने कहा कि आगरा की पहचान विश्व भर में ताजमहल से है और यहां रोजाना हजारों देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में यदि ताजमहल पर तिरंगा फहराया जाता है तो इससे देश की शान बढ़ेगी और पर्यटकों के बीच राष्ट्रवाद का सकारात्मक संदेश जाएगा। संगठन ने मांग की है कि ताजमहल के तीनों मुख्य द्वारों पर राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किया जाए। परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि अन्य राष्ट्रीय स्मारकों की तुलना में ताजमहल पर तिरंगे की अनुपस्थिति समझ से परे है। प्रदर्शन के दौरान परिषद ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और प्रशासन को ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी। संगठन का कहना है कि यदि मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वह आंदोलन को और तेज करेगा। परिषद ने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति की जिम्मेदारी पुरातत्व विभाग और प्रशासन की होगी।