डीएफओ ने कुमारगंज वन रेंज का किया औचक निरीक्षण:पौधशालाओं का जायजा लिया, 20 लाख पौधे रोपित करेगा वन विभाग

जिले के कुमारगंज वन रेंज अंतर्गत संचालित पौधशालाओं का प्रभागीय वनाधिकारी प्रखर गुप्ता ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ कुमारगंज रेंज अधिकारी प्रमोद कुमार श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। डीएफओ ने कुमारगंज एवं बवां स्थित पौधशालाओं में व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएफओ ने कुमारगंज पौधशाला में उगाए जा रहे पौधों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कर्मचारियों को पौधों के समुचित रखरखाव, नियमित सिंचाई और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद वे कुमारगंज वन रेंज स्थित बवां पौधशाला पहुंचे, जहां विभिन्न प्रजातियों के पौधों की नर्सरी का निरीक्षण किया। डीएफओ ने कर्मचारियों से बीज रोपण की स्थिति के बारे में जानकारी ली। कर्मचारियों ने बताया कि सभी थैलों में बीज डाल दिए गए हैं। इस पर डीएफओ ने निर्देश दिए कि तैयार हो रहे पौधों को इस प्रकार शिफ्ट किया जाए, जिससे सूर्य की किरणें सभी पौधों तक समान रूप से पहुंच सकें और पौधे स्वस्थ रूप से विकसित हों। उन्होंने कहा कि वर्तमान मौसम में पौधों की निरंतर सिंचाई और विशेष देखभाल अत्यंत आवश्यक है। कुमारगंज रेंज की नर्सरियों में आम, जामुन, शीशम, सागौन, नीम, महुआ, अमरूद, बरगद, कटहल, पीपल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे तैयार किए जा रहे हैं। डीएफओ प्रखर गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष वन विभाग द्वारा लगभग 20 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। इसके अलावा अन्य विभागों द्वारा भी करीब 27 लाख पौधे रोपित किए जाएंगे, हालांकि अभी इसका आधिकारिक लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि कड़ाके की ठंड के कारण वर्तमान में पौधों के विकास में कुछ गिरावट देखी जा रही है, लेकिन फरवरी माह से तापमान अनुकूल होते ही बीज अंकुरित होने लगेंगे और पौधों की वृद्धि में तेजी आएगी। पूछने पर उन्होंने बताया कि वन विभाग का राजस्व लक्ष्य के सापेक्ष तीन गुना बढ़ गया है।