अयोध्या के श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास को बुधवार दोपहर बाद गंभीर हालत में लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। इमरजेंसी में लाने के बाद उनकी क्रिटिकल कंडीशन को देखते हुए तत्काल ICU में भर्ती किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल उनकी कंडीशन नाजुक बनी हुई है और एक्सपर्ट डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। इस बीच मेदांता की तरफ से महंत का हेल्थ बुलेटिन जारी किया है। अयोध्या से लेकर लखनऊ पहुंचे जानकारी के मुताबिक महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही अयोध्या के श्रीराम अस्पताल के चिकित्सक डॉ.एसके पाठक ने उनका चेकअप किया। प्रारंभिक जांच में स्वास्थ्य स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें तत्काल बेहतर उपचार की सलाह दी। इसके बाद महंत नृत्य गोपाल दास को लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिसके बाद दोपहर बाद करीब 3 बजे उनके उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास उन्हें लेकर मेदांता लखनऊ पहुंचे। एक्सपर्ट डॉक्टर की टीम कर रही इलाज मेदांता के निदेशक डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि उन्हें कुछ दिनों से दस्त हो रहे थे। पिछले 36 घंटे से उन्होंने कुछ भी भोजन नहीं किया, जिसके चलते उनकी हालत लगातार कमजोर होती चली गई। लगातार उल्टी और दस्त की शिकायत के चलते उन्हें ICU में रखा गया है। डॉ.दिलीप दुबे की अगुवाई में एक्सपर्ट डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।