कानपुर में बर्रा-7 मेट्रो स्टेशन का ढांचा तैयार:4.50 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड सेक्शन में 5 मेट्रो स्टेशन, चल रहा निर्माण

कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-2 के निर्माण कार्य में तेजी देखने को मिल रही है। एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी से बर्रा-8 तक बनने वाले लगभग 4.50 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड सेक्शन में कुल 5 मेट्रो स्टेशन तैयार किए जाएंगे। इन स्टेशनों का आधार मजबूत बनाने के लिए डबल टी-गर्डर्स का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो स्टेशनों को मजबूती और स्थायित्व प्रदान करते हैं। हाल ही में बर्रा-7 स्टेशन पर डबल टी-गर्डर्स के इरेक्शन का काम पूरा हो गया है। इसके बाद शहरवासियों के लिए स्टेशन की रूपरेखा पहली बार दिखाई देने लगी है। बर्रा-7 स्टेशन के लिए कुल 21 डबल टी-गर्डर्स लगाए गए हैं। आने वाले दिनों में विजय नगर चौराहा स्टेशन पर भी यह काम पूरा होने वाला है। डबल टी-गर्डर्स क्यों खास हैं? कानपुर मेट्रो ने देश में पहली बार एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों के कॉनकोर्स लेवल का आधार देने के लिए डबल टी-गर्डर्स का प्रयोग किया। कॉरिडोर-1 के सभी स्टेशनों में भी इन्हीं का इस्तेमाल हुआ था। इन गार्डर्स को पहले कास्टिंग यार्ड में तैयार किया जाता है और फिर क्रेन की मदद से स्टेशन पर स्थापित किया जाता है। इसके कारण मेट्रो स्टेशनों का निर्माण तेज और सुरक्षित होता है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी से बर्रा-8 तक का एलिवेटेड सेक्शन तेजी से बन रहा है। उन्होंने बताया कि टीम छोटे-छोटे लक्ष्य तय कर समय पर उन्हें पूरा कर रही है। उनका मकसद शहरवासियों को समयबद्ध तरीके से मेट्रो सेवाएं उपलब्ध कराना है। कानपुर मेट्रो का कॉरिडोर-1 (आईआईटी से नौबस्ता) लगभग 24 किलोमीटर लंबा है, जिसमें आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक 16 किलोमीटर का रूट चालू है। कॉरिडोर-1 के शेष सेक्शन और कॉरिडोर-2 के 8.60 किलोमीटर लंबे मार्ग में भी सिविल निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसमें 4.50 किलोमीटर एलिवेटेड सेक्शन और 4.10 किलोमीटर अंडरग्राउंड सेक्शन शामिल हैं।