लोक गायिका नेहा सिंह राठौर की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। वाराणसी के लंका थाने की पुलिस ने दर्ज मुकदमे में बयान दर्ज कराने के लिए उन्हें एक और नोटिस जारी किया है। यह नोटिस विवेचक की ओर से उनके आवास पर तामील कराया गया है, जिसमें सात दिनों के भीतर बयान दर्ज कराने को कहा गया है। वाराणसी के लंका थाने में दर्ज मामले में पुलिस ने नेहा सिंह राठौर को तीसरा नोटिस सर्व किया है। नोटिस में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि सात दिनों के अंदर वह अपना बयान दर्ज कराएं। पुलिस की ओर से यह कार्रवाई उस वक्त की गई है, जब इससे पहले नेहा सिंह राठौर लखनऊ में बयान दर्ज करा चुकी हैं। लखनऊ में पहले दर्ज हो चुका है बयान नेहा सिंह राठौर ने 20 जनवरी को लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली में अपना बयान दर्ज कराया था। यह बयान सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश के बाद दर्ज हुआ था, जिसमें 8 जनवरी को उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए बयान दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे। इससे पहले 3 जनवरी की रात नेहा सिंह राठौर हजरतगंज कोतवाली पहुंची थीं, लेकिन पुलिस ने यह कहते हुए बयान नहीं लिया था कि रात के समय महिला का बयान दर्ज नहीं किया जा सकता। वकीलों से सलाह के बाद बयान देने की बात लंका थाने से नोटिस मिलने के बाद नेहा सिंह राठौर ने कहा है कि उन्हें पुलिस का नोटिस प्राप्त हो गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अपने वकीलों से विधिक सलाह लेने के बाद ही आगे की कार्रवाई करेंगी और बयान दर्ज कराएंगी। फिर तलब की गईं नेहा सिंह राठौर हजरतगंज कोतवाली में बयान दर्ज होने के बाद अब वारणसी के लंका थाने की ओर से तीसरा नोटिस भेजे जाने के बाद नेहा सिंह राठौर को एक बार फिर पुलिस ने तलब किया है। इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर यह मामला चर्चा में आ गया है और आने वाले दिनों में नेहा सिंह राठौर के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।