गोरखपुर के खोराबार थाना क्षेत्र में नौकरी और ठेका दिलाने के नाम पर एक अंतरराज्यीय गिरोह द्वारा एक व्यक्ति से लगभग 29 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित दीनानाथ यादव की शिकायत पर खोराबार पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पढ़िए मामले को विस्तार से… मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मिर्जापुर निवासी दीनानाथ यादव की मुलाकात वर्ष 2023 में बेलिपार थाना क्षेत्र के ग्राम चेरिया निवासी वीरेंद्र कुमार से हुई थी। वीरेंद्र ने दीनानाथ को शिक्षा विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया। प्रशिक्षण के नाम पर मथुरा और आगरा भी भेजा गया इसके लिए दीनानाथ को प्रशिक्षण के नाम पर मथुरा और आगरा भी भेजा गया, लेकिन न तो प्रशिक्षण हुआ और न ही नौकरी मिली। इस दौरान वीरेंद्र ने दीनानाथ को मथुरा निवासी राजू सिंह और आगरा निवासी संजय सिंह से मिलवाया, जिन्होंने नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे ऐंठे। रेलवे में ठेका दिलाने के नाम पर 15.80 लाख रुपए ठगे बाद में इस ठगी के खेल में कोलकाता निवासी रौनक भी शामिल हो गया, जिसने रेलवे में ठेका दिलाने के नाम पर दीनानाथ से 15.80 लाख रुपए ठग लिए। ठगी के इस पूरे मामले में विजेंद्र द्वारा 5.33 लाख रुपए, संजीव द्वारा 3 लाख रुपए, ए. दास द्वारा 80 हजार रुपए, जीवन कृष्ण मंडल द्वारा 5.54 लाख रुपए और इंद्र नील दास द्वारा 8.27 लाख रुपए सहित कुल 7 लाख रुपए और वसूले गए। इन सभी के बदले में दीनानाथ को न तो नौकरी मिली और न ही कोई ठेका। दीनानाथ यादव द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर खोराबार पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर मामले की गहन जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।