मेरठ शुभम सैनी के घर शोक जताने पहुंचे पूर्व मंत्री:देहरादून के चकराता में खाई में कार गिरने से मौत

मेरठ के घसौली गांव निवासी शहीद मेजर शुभम सैनी के घर बुधवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान व पूर्व जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा दुख जताने पहुंचे। शहीद की शहादत पर दुख जताते हुए शोक व्यक्त किया। बता दें कि इसी शनिवार को मेजर शुभम सैनी देहरादून के चकराता में सड़क दुघर्टना का शिकार हो गए थे। मेजर शुभम की कार चकराता में गहरी खाई में जा गिरी थी। जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। रविवार को उनका अंतिम संस्कार मेरठ में पैतृक गांव घसौली में किया गया था। चकराता के छावनी क्षेत्र में बंगला नंबर 10 के पास हुए हादसे के बाद सैन्यकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और घायल मेजर को खाई से निकाला। सिर पर गंभीर चोटें आने के कारण उन्हें तुरंत सैनिक अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र स्थित उनके गांव घसौली निवासी परिजनों का कहना है कि शुभम सैनी किसी कार्य से चकराता से देहरादून जा रहे थे। रास्ते में किसी वाहन को बचाने के प्रयास में उन्होंने अपनी कार से नियंत्रण खो दिया। इससे उनकी कार खाई में जा गिरी। 2-2 बटालियन के चकराता स्थित मुख्यालय में तैनात मेजर सैनी वर्ष 2019 में लेफ्टिनेंट के पद पर सेना में शामिल हुए थे। बाद में उन्हें मेजर पद पर पदोन्नति मिली थी। हादसे की खबर मिलते ही उनके गांव में शोक की लहर दौड़ गई। उनका विवाह नहीं हुआ था। उनके बड़े भाई तुषार व बहन निधि भी अविवाहित हैं। परिवार के सदस्य सिविल सेवाओं की तैयारी कर रहे हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद मेजर का पार्थिव शरीर रविवार सुबह गांव लाया गया। श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों का आना शुरू हो गया है और अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है।