संभल के एक ही गांव में 4 लुटेरी दुल्हनें:3 जेवर-कैश लेकर भागीं, चौथी पकड़ी गई, एक ही महिला ने कराईं चारों शादियां

संभल में रहने वाले रामजीमल ने एक महीने पहले अपने बेटे भोला की शादी पश्चिम बंगाल की आरती से कराई। गांव में धूमधाम से शादी हुई। दुल्हन ने सात फेरे लिए, जयमाला पहनाई। शादी का जोड़ा पहनकर बैंड-बाजे पर डांस भी किया। 2 दिन तक ससुराल में सभी की सेवा की। तीसरी रात ही ससुराल से 10 हजार रुपए और 30 हजार के जेवर लेकर भाग गई। ऐसा सिर्फ भोला के साथ ही नहीं हुआ, पतरौआ गांव के 4 लोग महज 1 महीने में 4 अलग-अलग लुटेरी दुल्हनों का शिकार हुए। इन सभी के घर 200 मीटर की दूरी पर हैं। काजल नाम की महिला ने ही सभी के घरों के बेटों की शादी कराई। इसके एवज में सभी से एक-एक लाख रुपए लिए। 4 में से 3 दुल्हनें तो शादी के 2-3 दिन के अंदर ही कैश-जेवर लेकर भाग गईं। लेकिन, गांववालों ने चौथी दुल्हन पूजा को पकड़ लिया। पूछताछ में पूजा ने लुटेरी दुल्हन के गैंग का भंडाफोड़ किया। इसके तार पश्चिम बंगाल से जुड़े हैं। संभल पुलिस पूजा से पूछताछ कर रही है। साथ ही शादी कराने वाली काजल को भी ढूंढा जा रहा है। घटना जिला मुख्यालय से 28 किलोमीटर दूर चंदौसी कोतवाली क्षेत्र की है। अब सिलसिलेवार पढ़िए पूरा मामला… पतरौआ गांव में रहने वाले रामजीमल की मुलाकात करीब डेढ़ महीने पहले बदायूं में एक रिश्तेदार के कार्यक्रम के दौरान काजल नाम की महिला से हुई थी। काजल ने खुद को मैरिज ब्रोकर बताया। रामजीमल ने काजल से अपने बेटे भोला की शादी कराने की बात कही। काजल ने तुरंत मोबाइल में 5-6 लड़कियों की तस्वीरें दिखाईं। रामजीमल ने एक लड़की को पसंद कर लिया। करीब एक महीने पहले पश्चिम बंगाल के सियालदह की रहने वाली आरती नाम की लड़की के साथ भोला की धूमधाम से शादी हुई। शादी में लड़के पक्ष से तो सभी रिश्तेदार शामिल हुए। लेकिन लड़की पक्ष से सिर्फ 3-4 महिलाएं और एक-दो पुरुष ही पहुंचे। इस दौरान पूरे विधि-विधान से शादी हुई। सारी रस्में अदा की गईं। आरती ने दुल्हन की ड्रेस में दूल्हे को जयमाला पहनाई। बैंड-बाजे पर भोला के साथ डांस किया। इसके बाद सात फेरे लिए, जिसकी वीडियोग्राफी भी हुई। इसके बाद विदा होकर आरती ससुराल पहुंची। सभी रिश्तेदारों से हंसी-खुशी मिली, उनके पैर छुए। 2 दिन तक हंसी-खुशी रही। फिर तीसरी रात मायके जाने की बात कहकर घर से 10 हजार रुपए, कपड़े और 30 हजार के जेवर लेकर भाग गई। एक ही दिन में 3 युवकों को लुटेरी दुल्हनों ने फंसाया, तस्वीरें देखिए… काजल ने एक दिन में 3 शादियां कराईं, 50 हजार से एक लाख रुपए लिए
रामजीमल के जरिए काजल ने भोला के अलावा गांव के ही रहने वाले 3 और युवकों की भी शादियां कराईं। शादी कराने के एवज में इन सभी से 50 हजार से लेकर एक लाख रुपए तक वसूले। ये तीनों शादियां एक ही दिन 9 जनवरी को हुई थीं। लेकिन, शादी के तीसरे-चौथे दिन इनमें से दो दुल्हनें ससुराल से नगदी-जेवर लेकर भाग गईं। चौथी दुल्हन भागने की तैयारी में थी, गांववालों ने पकड़ लिया
चौथी दुल्हन पूजा बुधवार को अपने पति राजू के घर से भागने की फिराक में थी। तभी गांववालों ने उसे पकड़ लिया। पूजा से पूछताछ की गई, तो उसने पूरी बात बताई कि कैसे उनका गैंग दूल्हे के घरवालों को लूटता है। इसके बाद कई घंटे तक गांव में पंचायत चलती रही। फिर गांववालों की सूचना पर क्राइम इंस्पेक्टर विनीत भटनागर पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने भी ले गए। CCTV में युवक संग बाइक पर भागते दिखी दुल्हन
पुलिस ने गांव के CCTV चेक किए, तो 18 जनवरी की एक फुटेज में रात करीब 10:30 बजे एक युवती एक युवक के साथ बाइक पर बैठकर भागते हुए दिखी। हालांकि, फुटेज में उसका चेहरा साफ नहीं आया है। युवती ने नई दुल्हन की तरह हाथों में चूड़ा और लाल रंग की साड़ी पहन रखी थी। हाथ में बैग पकड़ रखा था। लुटेरी दुल्हन का कबूलनामा पढ़िए… भागने से पहले पकड़ी गई दुल्हन ने बताया- मेरा नाम पूजा है, मैं कोलकाता के सियालदह की रहने वाली हूं। फोन पर जो पता दिया जाता है, हम वहां पहुंच जाते हैं। हावड़ा से अकेले ट्रेन में बैठकर आए थे। मां से झूठ बोलकर आए थे कि दो दिन काम पर जा रहे हैं। मेरी शादी हुई है, लेकिन पैसे किसी और ने लिए हैं। काजल पैसा लेकर भाग गई है। जब तक पैसा वापस नहीं होता, हम यहीं रहेंगे। पीड़ितों ने सुनाई आपबीती… भोला के पिता रामजीमल ने बताया- डेढ़ महीने पहले मैं रिश्तेदार की शादी में बदायूं गया था। वहां काजल नाम की महिला से मिला था। उसने खुद को मैरिज ब्रोकर बताया था। बेटे भोला की शादी के लिए कहा, तो उसने 4-5 तस्वीरें दिखाईं। पश्चिम बंगाल की आरती नाम की लड़की को पसंद कर एक महीने पहले मैंने बेटे की शादी करा दी थी। शादी के तीन दिन बाद ही आरती 1 लाख रुपए नकद, 10 हजार के कपड़े, 30 हजार के जेवर लेकर भाग गई। एक दूल्हे राजू ने बताया- मेरी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है, दो बच्चे हैं। इसी वजह से दूसरी शादी की थी। काजल ने शादी कराने के लिए मुझसे 53 हजार रुपए लिए थे। लड़की के पास आधार कार्ड भी नहीं है। शादी कराने वाली महिला काजल कहती रही कि ट्रेन में बैठा दीजिए, वापस आ जाएगी। गांव के रहने वाले अजय शर्मा ने बताया- मैंने दिल्ली में रहने वाले अपने साढू किशनलाल के बेटे मोनू की शादी 6 दिन पहले कराई थी। काजल को 1 लाख रुपए दिए थे। लेकिन, बीते मंगलवार रात दुल्हन दिल्ली में अपनी ससुराल से 1 लाख नकद, मंगलसूत्र, एक जोड़ी पाजेब लेकर भाग गई। वहीं, क्राइम इंस्पेक्टर विनीत भटनागर ने बताया- एक ही गांव में 4 युवकों की दुल्हनें शादी के दूसरे-तीसरे दिन जेवर-नगदी लेकर भागी हैं। जांच में पता चला है कि काजल नाम की महिला ने चारों शादियां कराई थीं। बदले में सभी से 50 हजार से एक लाख रुपए तक लिए थे। 4 में से 2 लड़कियां पश्चिम बंगाल के सियालदह की रहने वाली हैं। गांववालों ने पूजा नाम की एक महिला को पकड़ा है, जो भागने की फिराक में थी। पूजा की मदद से काजल को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही। एक दुल्हन का भागते हुए सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। फिलहाल तो यह किसी संगठित गिरोह का ही काम लग रहा है। जांच चल रही है। ————————— ये खबर भी पढ़िए… लिव-इन पार्टनर ने फाइनेंस अफसर की हत्या की, बिजनौर में खुद लाश अस्पताल लेकर पहुंची बिजनौर में फाइनेंस कंपनी के फील्ड ऑफिसर की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। फील्ड ऑफिसर हरिओम सिंह (32) की हत्या उसकी लिव-इन पार्टनर शीतल (26) ने की थी। दोनों के बीच 2 साल से अफेयर था। पूरी खबर पढ़ें…