लखनऊ में श्रीराम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा दिवस के अवसर पर गुरुवार को हिंदू राष्ट्र निर्माण यात्रा को पुलिस ने रोक दिया। यह यात्रा लखनऊ का नाम ‘लक्ष्मणपुरी’ करने और देश को ‘हिंदू राष्ट्र’ घोषित करने की मांग को लेकर निकाली जा रही थी। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने गुलाचीन मंदिर परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ कर संकल्प लिया। यात्रा सुबह कुर्सी रोड स्थित अखंड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा के मुख्यालय से शुरू हुई। विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान और महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने भगवा ध्वज दिखाकर इसे रवाना किया। सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहनों का काफिला शामिल था यह यात्रा इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के सामने से शुरू होकर गुडंबा और टेढ़ी पुलिया होते हुए हनुमान सेतु की ओर बढ़ रही थी। इसमें सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहनों का काफिला शामिल था। विभिन्न हिंदूवादी संगठनों से जुड़े हजारों कार्यकर्ता भगवा ध्वज और ‘जय श्रीराम’ के नारों के साथ मौजूद थे।गुलाचीन मंदिर पहुंचते ही पहले से तैनात पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए यात्रा को आगे बढ़ने से रोक दिया। अधिकारियों ने यात्रा आयोजकों से बातचीत की और इसे वहीं समाप्त करने का आग्रह किया। मंदिर परिसर में यात्रा समाप्त करने पर सहमति जताई काफी देर तक चली बातचीत के बाद आयोजकों ने स्थिति को देखते हुए मंदिर परिसर में ही यात्रा समाप्त करने पर सहमति जताई।इसके बाद सभी कार्यकर्ताओं ने गुलाचीन मंदिर में सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। उन्होंने देश को हिंदू राष्ट्र बनाने और लखनऊ का नाम भगवान श्रीराम के अनुज श्री लक्ष्मण के नाम पर ‘लक्ष्मणपुरी’ किए जाने का संकल्प दोहराया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही।