चारबाग रेलवे स्टेशन से 3 साल की बच्ची लापता:अज्ञात कॉल पर कानपुर पहुंचे परिजन, नहीं मिली तो पुलिस ने दर्ज की FIR

लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के बड़ी लाइन पर रहने वाले परिवार की 3 साल की बच्ची लापता हो गई। इसके बाद परिवार के पास एक अज्ञात कॉल आया। कॉल करने वाले बच्ची के कानपुर में होने की बता कही। परिवार के लोग वहां पहुंचे, लेकिन बच्ची नहीं मिली। इसके बाद पीड़ित परिवार ने हुसैनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया। फुलखा गांव, मछलीशहर, जौनपुर की रहने वाली वीना पत्नी राजेश वर्तमान में चारबाग स्टेशन के बड़ी लाइन में रहती थी। 4 दिसंबर 2025 की रात करीब 2:30 बजे बच्ची अपने माता-पिता के साथ सो रही थी। तड़के करीब 3 बजे जब वीना की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि बेटी रतिका (3) वहां नहीं है। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। कानपुर घंटाघर के पास बच्ची के होने की सूचना इसी दौरान बच्ची के पिता के मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि बच्ची सुरक्षित है और वह कानपुर घंटाघर के पास मौजूद है। परिजनों ने बच्ची के लापता होने की सूचना जीआरपी थाने को दी। सूचना मिलने के बाद परिजन बच्ची की तलाश में कानपुर भी गए। जहां कई दिनों तक खोजबीन की गई लेकिन बच्ची नहीं मिली। करीब 20 दिन बाद वीना अपने पति के साथ दोबारा लखनऊ आई और डाक के जरिए प्रार्थना पत्र भेजा। इसके बाद वे गांव लौट गए। इस दौरान उनका मोबाइल भी बंद रहा। प्रार्थना पत्र मिलने पर पुलिस ने जौनपुर स्थित उनके गांव जाकर संपर्क किया। जिसके बाद परिजन थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराया। मामले में इंस्पेक्टर हुसैनगंज शिवमंगल सिंह का कहना है कि परिवार स्टेशन पर ही रहता था। तभी उनकी बच्ची गायब हुई है। परिवार पुलिस टीम को भेजकर बुलाया गया। उनकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज करके तलाश शुरू कर दी गई है।