कन्नौज में दबंग ने दुकान में घुसकर सामान फेंका, VIDEO:एसपी आवास के पास युवकों ने की मारपीट, दुकान में तोड़फोड़

कन्नौज में एसपी आवास के पास एक परचून दुकानदार पर युवकों ने हमला कर दिया। दुकान में रखा सामान उठाकर फेंक दिया। मारपीट और उपद्रव से चौराहे पर अफरातफरी मच गई। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के गोलकुआं चौराहे का है। यहां गुरुवार शाम एक परचून दुकान पर तीन युवक पहुंचे और सिगरेट की डिब्बी मांगी। दुकानदार अमित तिवारी ने सिगरेट की डिब्बी दे दी, जिसे युवक ने अपनी जेब में डाल लिया और आपस मे बातचीत करने लगे, कुछ देर बाद दुकानदार ने पैसे मांगे तो युवक ने फिर सिगरेट की डिब्बी मांगी। दुकानदार ने बताया कि वह डिब्बी दे चुका है तो युवक भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। दुकानदार ने जब उसका विरोध किया तो युवक ने फोन कर अपने 8 से 10 साथियों को बुला लिया। सभी ने एकजुट होकर दुकानदार पर हमला कर दिया और मारपीट करते हुए अमित तिवारी व उनके साथियों को घायल कर दिया।
जब दुकानदार ने शटर बन्द करने का प्रयास किया तो वहां रखा सामान हमलावरों ने फेंकना शुरू कर दिया। पुलिस को सूचना देने पर हमलावर पथराव करते हुए भाग गए। मारपीट और उपद्रव के दौरान चौराहे पर भगदड़ मच गई। ये घटना एसपी आवास से चंद कदम की दूरी पर है। मामले को लेकर पीड़ित दुकानदार अमित तिवारी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह में बताया कि दुकान पर झगड़ा हुआ है। जांच कर कार्यवाही की जाएगी।