वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार शाम उस वक्त सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए, जब चेकिंग के दौरान एक यात्री के बैग से कारतूस बरामद हुआ। जानकारी मिलने के बाद एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। दिल्ली होते हुए दम्माम जाने की थी तैयारी
जानकारी के मुताबिक, बिहार के अकबरपुर, रोहतास का रहने वाला वसीम अकरम (31) पुत्र अकील अहमद खान एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (IX-1049) से शाम करीब 4 बजे दिल्ली जाने वाला था। दिल्ली पहुंचने के बाद उसे रात 8:30 बजे की कनेक्टिंग फ्लाइट से सऊदी अरब के दम्माम शहर के लिए उड़ान भरनी थी। यात्री ने बोर्डिंग पास ले लिया था। स्कैनर से जांच के दौरान मिला कारतूस
मामले का खुलासा तब हुआ जब यात्री सीआईएसएफ (CISF) के सुरक्षा घेरे में पहुंचा। उसके द्वारा लिए जाए जा रहे सामानों की स्कैनिंग के दौरान ड्यूटी पर तैनात जवानों को बैग के भीतर कुछ संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। उसके बाद सघन तलाशी ली गई तो बैग से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। कारतूस मिलते ही सुरक्षाकर्मियों ने वसीम को घेरे में ले लिया और उसे हवाई यात्रा करने से रोक दिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी गई। वसीम नहीं दिखा पाया कोई वैध दस्तावेज
शुरुआती पूछताछ में यात्री कारतूस के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। ऐसे में स्थानीय अधिकारियों को सूचना देने के साथ ही सीआईएसएफ के जवानों द्वारा फूलपुर पुलिस के साथ-साथ इंटेलिजेंस ब्यूरो और एलआईयू के बारे में इसकी सूचना दी गई। बाद में यात्री को बाबतपुर पुलिस चौकी पर पहुंचाया गया। फिलहाल, पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या यह कारतूस किसी लाइसेंसी हथियार का है, जिसे यात्री भूलवश साथ ले आया, या फिर इसके पीछे कोई साजिश या आपराधिक इरादा था। यात्री को पुलिस कस्टडी में ले लिया है। खबर लिखे जाने तक यात्री से पूछताछ चलती रही। यह भी बता दें कि यह पहला मामला नहीं है। इसके पहले भी इसी साल दो यात्रियों के बैग से कारतूस बरामद हो चुके हैं।