अतिक्रमण हटाने का नोटिस देने पहुंचे लेखपाल…दबंगों ने पीटा:चौबेपुर के डेगरुपुर में सरकारी दस्तावेज भी फाड़े; राजस्व कर्मियों ने घेरा थाना

वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक लेखपाल पर दबंगों ने हमला कर दिया। सरकारी आदेश का पालन कराने पहुंचे लेखपाल के साथ मारपीट की गई और उनके सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए गए। यह घटना डेगरुपुर गांव में हुई। खबर को पढ़िए विस्तार से… रौना कला के लेखपाल सतीश यादव गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे डेगरुपुर गांव पहुंचे थे। वे तहसीलदार न्यायिक सदर वाराणसी के आदेश पर और एक आईजीआरएस प्रार्थना पत्र की जांच के संबंध में विपक्षी रघुनाथ यादव को अतिक्रमण हटाने का नोटिस देने गए थे। दबंगों ने लाठी-डंडों से पीटा लेखपाल के अनुसार, जैसे ही वे मौके पर पहुंचे, आरोपी रघुनाथ यादव और उनके परिजनों ने उन्हें घेर लिया। दबंगों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला किया। आरोपियों ने लेखपाल के हाथ से सरकारी फाइल, नजरी नक्शा और महत्वपूर्ण नोटिस छीनकर फाड़ दिए। 20 लेखपाल चौबेपुर थाने पहुंचे घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। लगभग 20 लेखपाल तुरंत चौबेपुर थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए तहरीर दी। लेखपाल संघ ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे कार्य बहिष्कार जैसा कदम उठा सकते हैं। गांव के सुरेंद्र पाल ने बताया कि सरकारी जमीन खाली कराने का प्रार्थना पत्र उन्होंने ही दिया था। हालांकि, उन्होंने लेखपाल के सरकारी दस्तावेज फाड़ने जैसी घटना से इनकार किया। थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया ”तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं”