सोनभद्र में गुरुवार को डायट परिसर, उरमौरा, रावटसगंज में सरस मेला एवं बाल पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) जागृति अवस्थी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। बाल पुस्तक प्रदर्शनी में 160 विद्यालयों के कक्षा तीन से आठ तक के 1000 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य बच्चों में किताबें पढ़ने की रुचि बढ़ाना था, ताकि वे मोबाइल की दुनिया से निकलकर किताबों के माध्यम से अपना ज्ञान बढ़ा सकें। कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार की रुचिकर पुस्तकें रखी गई थीं, जिससे बच्चे कहानियों और गीतों के जरिए विषयों को आसानी से सीख सकें। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए और सीडीओ जागृति अवस्थी ने उनसे किताबों के विषयों पर चर्चा की। सरस मेले का आयोजन उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा किया गया था, जिसमें कुल 16 स्टॉल लगाए गए। 50 से अधिक महिला स्वयं सहायता समूहों ने अपने बनाए उत्पादों को बिक्री और प्रदर्शनी के लिए रखा। इस मेले में 700 से अधिक महिलाओं ने भागीदारी की। मेले में मिलेट्स फूड, सोया मिल्क पनीर, सोया मिल्क दही, सोया मक्खन, रागी के लड्डू, बांस के सामान, मूंज के उत्पाद, आधुनिक कपड़े और जैविक सब्जियां जैसे विभिन्न उत्पाद उपलब्ध थे। जन समुदाय से सैकड़ों लोगों ने इसमें भाग लिया, जिससे स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को पहचान मिली। उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। उपयुक्त रोजगार अधिकारी ने बताया कि समूह द्वारा निर्मित सामग्रियां अब ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध हैं। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी हेमंत सिंह और डीसी जीरामजी रविंद्र सिंह,जिला पंचायतीराज अधिकारी नमिता शरण , उपायुक्त स्वतः रोजगार सरिता सिंह , समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, योगेश पांडेय समस्त जिला समन्वयक ,सहित जनपद एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।