500 करोड़ की जमीन के सौदे में वकील की हत्या:फतेहपुर में मैनेजर ने गला रेता, 8 साल से साथ में काम कर रहा था

फतेहपुर में वकील जयराज मान सिंह की हत्या उनके मैनेजर ने ही की थी। अंकित मिश्रा ने 500 करोड़ रुपए की जमीन के सौदे में वारदात को अंजाम दिया। उसने गला रेतकर वकील की हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए अंकित को जेल भेज दिया। वह 8 साल से वकील के यहां काम कर रहा था। 21 जनवरी को वकील की लाश उनके ही खेत में पड़ी मिली थी। इसकी सूचना वहां से गुजर रहे लोगों ने डायल-112 को दी थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी मैनेजर का काफी खास था। खुद को बचाने के लिए हत्या के बाद वकील की पत्नी को भी फोन किया था। वारदात नगर कोतवाली थानाक्षेत्र की है। अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए… 21 जनवरी की शाम करीब 4:30 बजे जयराज मान सिंह अपने खेत में जमीन की नापजोख कर रहे थे। तभी उनके मैनेजर अंकित मिश्रा ने धारदार हथियार से उनका गला रेतकर हत्या कर दी। घटना की सूचना डायल 112 पर मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था। वहीं, बुधवार की रात मृतक की पत्नी शहनाज मान सिंह ने पुलिस में मैनेजर अंकित मिश्रा की शिकायत की। इस पर पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। जांच में सामने आया कि अंकित मिश्रा पिछले आठ सालों से मृतक के साथ काम कर रहा था। उनका बेहद भरोसेमंद बन चुका था। आरोपी अंकित ने पुलिस पूछताछ में बताया कि एक बड़ी जमीन का सौदा होना था। लेकिन डील में लगातार देरी हो रही थी। जमीन बिकने पर मुझे भी बड़ा कमीशन मिलने वाला था। इसी लालच में मैंने सोचा कि यदि जयराज मान सिंह रास्ते से हट जाएं, तो जमीन की डील में बड़ा फायदा हो सकता है। हत्या के बाद मृतक की पत्नी को फोन मिलाया अंकित के मुताबिक, उसने खुद को बचाने के लिए मृतक की पत्नी को फोन भी किया। उनसे कहा कि खेत में नापजोख ठीक से नहीं हो पा रही। एक नौकर की जरूरत है, वह अभी घर लौट रहा है। जिससे वो खुद को घटनास्थल से दूर दिखा सके। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, फोरेंसिक रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को पकड़ा। उसके घर से घटना में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े, वाहन और मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। जिस जमीन के लिए वकील की हत्या की गई, उसकी अनुमानित कीमत 500 करोड़ रुपए से अधिक है। मृतक इस जमीन को लगभग 300 करोड़ रुपए में वैध तरीके से बेचने की योजना बना रहे थे। सिपाही बनना चाहता था हत्या करने वाला मैनेजर एसपी अनूप सिंह ने बताया कि मान सिंह परिवार की शहर में बड़ी मात्रा में जमीन और कई बंगले हैं। जिनमें जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक का बंगला भी शामिल है। आरोपी पहले पुलिस में सिपाही बनने की तैयारी कर रहा था। सुबह दौड़ लगाने के दौरान मृतक से उसकी पहचान हुई थी। धीरे-धीरे वह परिवार के कामों में मदद करने लगा और बाद में मृतक का मैनेजर बन गया। वकील की जमीनें बिकवाने का काम भी वही देखता था। जल्द पैसा कमाने के लालच में उसने वकील की हत्या कर दी। आरोपी को जेल भेज दिया है। मामले की जांच अभी जारी है। जमीन से जुड़े चार अन्य पार्टनर और परिवार के लोगों से भी पूछताछ की जाएगी। अगर किसी और की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। ——————————– ये खबर भी पढ़ें… ‘पति ने जिंदगी बर्बाद की, बॉयफ्रेंड के साथ रहूंगी’:गाजियाबाद में जीभ काटने वाली बोली- जेल से लौटकर सब पर केस करूंगी ‘नामर्द से शादी के बाद मेरी जिंदगी बर्बाद हो गई। मैं अपनी तरह से जिंदगी जीना चाहती हूं, लेकिन पति और ससुराल वाले चाहते थे कि मैं उनके हिसाब से घर में रहूं।’
यह कहना है कि गाजियाबाद में शादी के 7 महीने बाद पति की जीभ काटने वाली पत्नी ईशा का। उसे पुलिस ने बुधवार सुबह कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। जेल जाते वक्त भी आरोपी ईशा ने अपने पति पर सवाल उठाए। घायल पति अभी भी सुभराती अस्पताल में भर्ती है। डॉक्टरों का कहना है कि सर्जरी के बाद भी वह ठीक से बोलने की स्थिति में नहीं आ सकेगा। पढ़ें पूरी खबर…