उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार शाम ब्लैकआउट की मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मुजफ्फरनगर में यह ड्रिल शाम 6 बजे 10 मिनट के लिए हुई, लेकिन उस समय जनपद के अधिकतर हिस्सों में पहले से ही बिजली गुल थी। दरअसल, मुजफ्फरनगर में शुक्रवार सुबह से रुक-रुक कर भारी बारिश हो रही थी। इस बारिश ने ठंड बढ़ा दी थी और विद्युत विभाग की लचर व्यवस्था के कारण सुबह से ही जनपद के अधिकांश इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित थी। बिजली गुल होने से आम जनता को बारिश और कड़ाके की ठंड के बीच काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, शाम 6 बजे मॉक ड्रिल समाप्त होते ही विद्युत विभाग ने बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। देखिए तस्वीरें… जिलाधिकारी उमेश मिश्रा से मीडिया ने सवाल किया, तो उन्होंने कहा कि “अभी तो लाइट थी, लेकिन आज सुबह से पानी बरस रहा है। कहीं फॉल्ट हो जाने के कारण समस्या हुई है, उसे जल्द ही ठीक कराया जाएगा।” इस ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में विभिन्न विभागों की तैयारियों का आकलन करना था। इसमें स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन सेवा, सिविल डिफेंस के कर्मी और स्वयंसेवक शामिल रहे।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया, “पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आज शाम 6 बजे हमने 10 मिनट का ब्लैकआउट किया था। सभी नागरिकों से अनुरोध किया गया था कि वे अपनी लाइट बंद करें। हमने ऐसी स्थिति पैदा की, जो ब्लैकआउट के बाद उत्पन्न हो सकती है, और उसे निपटाने का प्रयास किया।”