मेदांता में महंत नृत्य गोपाल दास से मिले सीएम योगी:डॉक्टरों से ली स्वास्थ्य रिपोर्ट, शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष और वरिष्ठ संत महंत नृत्य गोपाल दास के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती महंत जी से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से महंत नृत्य गोपाल दास के इलाज और स्वास्थ्य स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने इलाज की व्यवस्था और डॉक्टरों की टीम द्वारा की जा रही निगरानी पर संतोष व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि महंत जल्द स्वस्थ होकर फिर से सक्रिय भूमिका में लौटें। मुलाकात के दौरान उन्होंने महंत नृत्य गोपाल दास से आत्मीय बातचीत भी की। मेदांता अस्पताल में महंत नृत्य गोपाल दास का इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में चल रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार उनकी सेहत में सुधार हो रहा है और लगातार निगरानी रखी जा रही है। स्वास्थ्य संबंधी सभी आवश्यक जांच और उपचार समय पर किए जा रहे हैं। महंत के केयरटेकर डॉ. श्रेयस्कर गुप्ता ने बताया कि महंत की स्थिति स्थिर है और डॉक्टरों की सलाह के अनुसार उनका इलाज जारी है। चिकित्सकीय टीम पूरी सतर्कता के साथ उनके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए है। मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने भी बताया कि महाराज का स्वास्थ्य पहले से बेहतर है और जल्द ही वह भक्तों को दर्शन देंगे।