नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर यूपी दिवस को लेकर है। चीफ गेस्ट अमित शाह ने स्पीच के दौरान 2027 विधानसभा चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत का दावा किया। वहीं, दूसरी खबर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के शिष्य द्वारा लगाए गए आरोपों से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- यूपी विधानसभा चुनाव अभियान का शंखनाद, लखनऊ में शाह बोले- सपा-बसपा परिवारवादी यूपी दिवस कार्यक्रम में पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह ने विधानसभा चुनाव अभियान का भी शंखनाद कर दिया। लखनऊ में बोले- सपा-बसपा परिवारवादी। यूपी का कल्याण सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। 2027 में फिर प्रचंड बहुमत से आएंगे। समारोह में हर जिले के पारंपरिक व्यंजनों को पहचान दिलाने के लिए एक जनपद-एक व्यंजन योजना शुरू की। CM योगी ने पीएम मोदी का संदेश पढ़कर सुनाया। पूरी खबर पढ़ें 2- शिष्यों का दावा- शंकराचार्य की जान को खतरा, शिविर में CCTV लगाए गए प्रयागराज में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के शिष्यों ने कहा- शंकराचार्य की जान को खतरा, प्रशासन के गुंडे संत के वेश में घूम रहे। शिविर में 12 CCTV लगवाए गए। दरअसल, मौनी अमावस्या विवाद के बाद शंकराचार्य 6 दिन से धरने पर बैठे हैं। एक दिन पहले डिप्टी सीएम की तारीफ करते हुए कहा था- केशव मौर्य समझदार, CM बनाना चाहिए। जो अकड़ में बैठा हो, उसे मुख्यमंत्री नहीं होना चाहिए। पूरी खबर पढ़ें 3- मायावती ने कहा- राजनीति को धर्म से और धर्म को राजनीति से दूर रखना चाहिए शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद और प्रशासन के विवाद पर पूर्व सीएम मायावती ने कहा- राजनीति को धर्म से और धर्म को राजनीति से दूर रखना चाहिए। पर्व-त्योहारों, पूजा-पाठ, स्नान में राजनीतिक लोगों का दखल बढ़ने से संघर्ष की स्थिति बन रही। अखिलेश यादव बोले- शंकराचार्य नकली सनातनियों की पोल खोल रहे; असली उनके साथ। इमरान मसूद ने कहा- बीजेपी अब शंकराचार्यों को टारगेट कर रही। पूरी खबर पढ़ें 4- अखिलेश बोले- मुख्यमंत्री इंजीनियर की मौत के जिम्मेदार; पूरा KGMU गिरा देना चाहिए अखिलेश यादव ने नोएडा में इंजीनियर की मौत के लिए सीएम को जिम्मेदार ठहराया। बोले- अगर डीएम को हटा देंगे तो वोटर लिस्ट ठीक नहीं हो पाएगी। कम से कम पुलिस अधिकारी को हटाना चाहिए था जिसकी वजह से जान गई। लेकिन बीजेपी वाले लड़के के खिलाफ ही बोलने लगे। KGMU में मजारों को तोड़ने पर कहा-उसकी पूरी बिल्डिंग को गिरा देनी चाहिए, क्योंकि क्रिश्चियन ने बनाया था। पूरी खबर पढ़ें 5- अलीगढ़ में फौजी बेटे का शव देखकर मां बेहोश, पिता जमीन पर गिर पड़े जम्मू-कश्मीर में शहीद हुए सेना के जवान मोनू (28) का पार्थिव शरीर शनिवार को अलीगढ़ पहुंचा। बेटे का शव देखकर मां बेहोश हो गईं। पिता जमीन पर गिर पड़े। चिल्लाकर बोले- उसे वापस ले आओ। तिरंगे में लिपटा शव देखते ही चीख-पुकार मच गई। अंतिम दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ी, ‘मोनू अमर रहे’ के नारे लगते रहे। डोडा में 22 जनवरी को सेना की गाड़ी 400 फीट गहरी खाई में गिर गई थी। पूरी खबर पढ़ें अब 8 अहम खबरें… 6- नसीमुद्दीन सिद्दीकी का कांग्रेस से इस्तीफा, यूपी कांग्रेस को बड़ा सियासी झटका पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कांग्रेस छोड़ दी है। पश्चिम यूपी में मुस्लिमों के बड़े लीडर माने जाने वाले सिद्दीकी के साथ 22 पूर्व विधायकों ने भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा- वह कांग्रेस में अपने सभी साथियों के साथ इसलिए शामिल हुए थे कि जाति और संप्रदाय के साथ हो रहे अन्याय की लड़ाई लड़ी जा सके। लेकिन मैं यह लड़ाई नहीं लड़ पा रहा हूं। वे पश्चिमी यूपी कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष भी थे। पूरी खबर पढ़ें 7- नेपाल की Gen-Z वर्जिन गर्ल 20 लाख में; दलाल खाड़ी देशों में बेच रहे नेपाल की Gen-Z वर्जिन गर्ल की बड़े पैमाने पर तस्करी हो रही है। 20-20 लाख में लड़कियां बेची जा रहीं। दलाल इन लड़कियों को खाड़ी देशों तक ले जाकर बेच रहे हैं। ‘दैनिक भास्कर’ की टीम यूपी-नेपाल बॉर्डर से 30 किमी अंदर नेपाल के चंद्रौटा, भैरवा और भुटवल कस्बे पहुंची। यहां पहली बार महिला तस्करों का स्टिंग किया कि भारत-नेपाल की खुली बॉर्डर से तस्करी कैसे होती है? पढ़िए पूरा खुलासा… 8- यूपी के 10 शहरों में बारिश, बाराबंकी-एटा में बिजली गिरी-2 जिलों में ओले गिरे यूपी में ठंड फिर लौट आई है। शनिवार तड़के लखनऊ, कानपुर, हरदोई समेत पूर्वी यूपी के 10 जिलों में रिमझिम बारिश हुई। हाथरस और इटावा में ओले गिरे। बाराबंकी में बिजली गिरने से घर के बाहर लगे इलेक्ट्रिक मीटर जल गए। ऐसे ही एटा में देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बिजली गिरी। मौके पर भीषण आग लग गई। इससे पहले शुक्रवार को पश्चिमी यूपी के 20 जिलों में बारिश हुई, तेज हवा चली थी। पूरी खबर पढ़ें 9- मुरादाबाद में हिंदू छात्रा को बुर्का पहनाया, भाई का दावा- इस्लाम कबूल कराने का दबाव मुरादाबाद में 5 मुस्लिम लड़कियों ने एक हिंदू छात्रा को जबरन बुर्का पहनाया। आरोप है कि कोचिंग से निकलने के बाद उसे सड़क पर घेर लिया। बैग से बुर्का निकाला और पहना दिया। पीड़ित के भाई ने दावा किया कि उसकी बहन से सहेलियों ने कहा कि इस्लाम कबूल करो, किस्मत बदल जाएगी। इसमें बहुत खूबसूरत लगोगी। सभी लड़कियां एक ही स्कूल में 12वीं में पढ़ती हैं। पुलिस ने FIR दर्ज की। पूरी खबर पढ़ें 10- महिला आयोग अध्यक्ष बोली- यूपी में 80 प्रतिशत ट्रेनर दूसरे समुदाय के, जिम जेहाद हो रहा राज्य महिला आयोग अध्यक्ष बबीता चौहान ने दावा किया कि जिमों में धर्मांतरण कराया जा रहा। जिमों में जेहाद हो रहे। वहां जाने वाली अधिकांश महिलाएं और लड़कियां हिंदू होती हैं, जबकि 80 प्रतिशत ट्रेनर दूसरे समुदाय से हैं। पूछा- महिला ट्रेनर जिम में नहीं रखे जाते। दरअसल, मिर्जापुर में सिपाही सहित छह जिम ट्रेनर्स ब्लैकमेलिंग-अश्लील वीडियो व धर्मांतरण के आरोप में अरेस्ट किए गए थे। पूरी खबर पढ़ें 11- झांसी में दुल्हन के चचेरे भाई-बहन और पंडित की मौत, सगाई के बाद लौट रहे थे झांसी में दुल्हन के चचेरे भाई-बहन और पंडित की हादसे में मौत हो गई। परिवार के 13 लोग घायल हो गए। सभी सगाई कार्यक्रम के बाद ऑटो से घर लौट रहे थे। सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। 18 साल की बहन और पंडित की मौके पर मौत हो गई, जबकि भाई ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। ट्रक लेकर ड्राइवर फरार हो गया। पूरी खबर पढ़ें 12- संभल में बैरक में मिली सिपाही की लाश; गले में रस्सी-घुटने मुडे़ थे संभल में थाने की बैरक में 24 साल के सिपाही की लाश मिली है। कान में ईयरबड थे; गले में रस्सी थी, जो खिड़की से बंधी थी। घुटने मुड़े हुए थे। लाश जमीन पर बैठे हुई अवस्था में थी। पास में मोबाइल और चार्जर पड़ा था। रिश्ते के भाई क्रांति कुमार ने कहा- वह आत्महत्या नहीं कर सकता। वहीं, पुलिस का कहना है कि सिपाही ने आत्महत्या की है। क्यों की? ये क्लीयर नहीं। पिता और बाबा भी पुलिस में रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें 13- मथुरा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष और पुलिस में झड़प; अर्धनग्न अवस्था में धरने पर बैठे मथुरा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर और पुलिस के बीच शनिवार को झड़प हो गई। वाराणसी में मणिकर्णिका घाट को तोड़े जाने के खिलाफ दिल्ली में होने वाले कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल होने कार्यकर्ताओं के साथ निकले थे। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो बहस हो गई। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प होने लगी। आरोप है कि जिलाध्यक्ष के कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद वे धरने पर बैठ गए। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- भैंस का दूध पिया, 9 को लगे रेबीज के टीके शाहजहांपुर के एक गांव में भैंस का दूध पीने वाले 11 लोग अस्पताल में एंटी-रैबीज इंजेक्शन लगवाने पहुंच गए। दरअसल, ये लोग जिस भैंस का दूध पीते थे उसे कुत्ते ने काट लिया था। किसी को इसका पता नहीं चला। लेकिन जब रैबीज की वजह से भैंस की मौत हो गई तो वे दहशत में आ गए। इसके बाद डर के मारे सभी अस्पताल पहुंचे। बारी-बारी से एंटी-रैबीज का डोज लिया। अब कोर्स पूरा कर रहे। पूरी खबर पढ़ें कैसा रहेगा कल का मौसम… 15- बारिश से राहत 25 जनवरी से मौसम एक बार फिर बदलेगा। पश्चिमी यूपी में हो रही बारिश थमेगी। तापमान के बढ़ने से ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी। लेकिन एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से लखनऊ, अंबेडकरनगर, सीतापुर सहित पूर्वांचल के कई जिलों में दिन रात के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…