लखीमपुर-खीरी के खुटार रोड पर गन्ना भरी ट्राली पलटी:तीन गंभीर रूप से घायल, एक की हालत नाजुक; विधायक मौके पर पहुंचे

लखीमपुर खीरी की खुटार रोड पर शनिवार शाम फूल बाबा आश्रम के पास गन्ना भरी एक ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्राली चीनी मिल की ओर जा रही थी। इसी दौरान मथुरा नगर निवासी उपेंद्र वर्मा (45) और उनके पुत्र शिवम वर्मा (20), जो सड़क किनारे अंडे का ठेला लगाते हैं, ट्राली की चपेट में आ गए। मैलानी थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव निवासी राहुल (30) भी इस दुर्घटना में घायल हो गए। ट्राली पलटने से गन्ना पूरी सड़क पर बिखर गया, जिससे मार्ग पर जाम लग गया। आशंका थी कि गन्ने के नीचे अन्य लोग भी दबे हो सकते हैं। तत्काल जेसीबी मशीन बुलाकर गन्ना हटवाया गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई और व्यक्ति गन्ने के नीचे दबा नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारु किया। तीनों घायलों को एंबुलेंस से गोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने राहुल की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें और उपेंद्र वर्मा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर विधायक अमन अरविंद गिरी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और गंभीर रूप से घायलों को ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। विधायक ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को घटना की विस्तृत जांच के भी निर्देश दिए।