लखनऊ लोक निर्माण विभाग डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ का स्थापना दिवस:शताब्दी वर्ष मनाया, विजय बोले- 100 साल पूरे करना बड़ी उपलब्धि

लखनऊ में लोक निर्माण विभाग डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ का 104 वां स्थापना दिवस शताब्दी समारोह के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में प्रमुख अभियंता विभागाध्यक्ष इं. ए.के. द्विवेदी और इं.विजय कनौजिया मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर इं. विजय कनौजिया ने कहा कि किसी भी संगठन के लिए 100 वर्ष से अधिक का सफर तय करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। अटल विश्वास के साथ 104 वर्ष पूरे करना इस बात का प्रमाण है कि संघ के प्रति सदस्यों की निष्ठा और विश्वास मजबूत है। उन्होंने कहा कि डिप्लोमा इंजीनियर्स विभाग की सबसे बड़ी ताकत हैं और देश के विकास में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विभाग और संघ के बीच संवाद के माध्यम से अधिकांश समस्याओं का समाधान किया गया है।समारोह में संघ द्वारा 61 से 93 वर्ष आयु वर्ग के 101 सेवानिवृत्त डिप्लोमा अभियंताओं को सम्मानित किया गया। वहीं, इं. भरतजी गुप्ता और इं. रामकिशन प्रसाद को उनके विशिष्ट योगदान के लिए ‘संघ रत्न’ सम्मान दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष इं.एन.डी. द्विवेदी ने कहा कि संघ आज एक वटवृक्ष की की तरह अपने सदस्यों की रक्षा और हितों के लिए खड़ा है। पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान से संघ को यह पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि संघ को आईएसओ अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है और भविष्य में भी सदस्यों के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। कार्यक्रम का संचालन इं. राजर्षि त्रिपाठी ने किया। समारोह में विभागीय एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, वरिष्ठ अभियंता और बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।