गोल्डन टेंपल सरोवर में कुल्ला करने वाले की पिटाई:गाजियाबाद में निहंगों ने घेरा, पुलिस ने हिरासत में लिया, SGPC बोली- बेअदबी करने आया था

अमृतसर में गोल्डन टेंपल के पवित्र सरोवर में कुल्ला करने वाले मुस्लिम युवक की शनिवार को गाजियाबाद में निहंगों ने पिटाई कर दी। वह निहंग विक्की थॉमस के साथ वीडियो में नजर आया। इस दौरान उसके साथ बैठे ही किसी निहंग ने उसे थप्पड़ जड़ा। इसके बाद कुल्ला करने वाला और उसका वीडियो बनाने वाला यानी दोनों युवक माफी भी मांगते हुए नजर आए। जिसके बाद युवक को गाजियाबाद पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। इस मामले में उसके खिलाफ गाजियाबाद के अंकुर विहार थाने में शिकायत हुई थी। गाजियाबाद पुलिस अब उसे अमृतसर पुलिस के हवाले करेगी। वहीं, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की तरफ से भी अमृतसर पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई गई है। SGPC ने अपने स्तर पर गोल्डन टेंपल में युवक की जांच की तो पता चला कि वह बेअदबी की नीयत से ही यहां आया था। वह करीब 20 मिनट तक गोल्डन टेंपल में रहा। लेकिन उसने माथा टेकने की कोशिश भी नहीं की। इससे पहले युवक ने 2 बार माफी मांगी। लेकिन पहली बार हाथ जेब में और दूसरी बार सिर्फ एक बार हाथ जोड़ने के बाद सिख समुदाय ने उसके माफी मांगने के तरीके पर सवाल उठाए थे। SGPC पर उठे थे सवाल
वहीं इस मामले में कार्रवाई न करने पर SGPC की आलोचना हो रही थी। गोल्डन टेंपल में योग करने वाली गुजरात की अर्चना मकवाना जैसे इस युवक पर केस दर्ज न कराने से सवाल भी खड़े किए जा रहे थे। वहीं SGPC के कुछ कदम न उठाने के बाद निहंगों ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शिकायत दी थी। निहंगों ने पहले ही दी थी चेतावनी
इस मामले में निहंगों का कहना था कि जिस तरह की हरकत युवक ने की, वह सिखों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली है। निहंगों ने चेतावनी दी कि सिख समुदाय पर अकसर कानून हाथ में लेने के आरोप लगाए जाते हैं, इसलिए वे सबसे पहले कानून के दायरे में रहकर पुलिस के पास आए हैं। वे चाहते हैं कि वह सार्वजनिक रूप से आकर सिख मर्यादा के अनुसार माफी मांगे, वर्ना उनके पास युवक से जुड़ी पूरी जानकारी मौजूद है। युवक के कुल्ला करने, माफी मांगने का पूरा मामला पढ़ें.. पहले पवित्र सरोवर में कुल्ला करते हुए रील बनाई
गोल्डन टेंपल में एक युवक के पवित्र सरोवर में कुल्ला करते हुए रील बनाई गई। वीडियो को ‘मुस्लिम शेर’ लिखकर सोशल मीडिया पर डाला। कुल्ला करने वाले ने टोपी पहनी हुई थी। ये वीडियो सामने आने के बाद विरोध शुरू हो गया। SGPC के मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मनन ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि वीडियो की जांच होगी। अगर यह ओरिजिनल है, तो फिर उस वक्त सेवादार कहां थे, इसकी जांच की जाएगी। हालांकि बाद में युवक ने माफी मांग ली। बता दें कि SGPC की तरफ से पहले ही धार्मिक भावनाओं को देखते हुए गोल्डन टेंपल परिसर में रील बनाने को लेकर रोक लगाई गई है। इसके लिए वहां सेवादारों की ड्यूटी लगाई गई है कि वे किसी को वहां इस तरह का आपत्तिजनक वीडियो न बनाने दें। मुंह में पानी भरा, सरोवर में थूका, गोल्डन टेंपल की तरफ उंगली उठाई
मुस्लिम युवक की रील वायरल हुई। जिसमें दिख रहा था कि वह गोल्डन टेंपल के सरोवर में पैर डालकर बैठा है और मुंह धो रहा है। इस दौरान वह 3 बार मुंह में पानी भरकर कुल्ला करता है और एक बार उस पानी को दोबारा सरोवर में ही थूक देता है। इसके बाद वह मुंह धोता है और फिर उंगली उठाते हुए गोल्डन टेंपल को भी दिखाता है। उसका एक और वीडियो सामने आया, जिसमें वह कह रहा था कि यहां सब पगड़ी वाले हैं। सिर्फ मैं टोपी पहनकर आया हूं। लेकिन मुझे किसी ने कुछ नहीं कहा। युवक की 2 बार माफी के बारे में पढ़िए… पहली बार माफी मांगते वक्त हाथ जेब में डाले हुए थे
सरोवर में कुल्ला करने को लेकर विवाद हो गया। SGPC ने भी इस पर एतराज जताया। जिसके बाद सुब्हान रंगरीज ने वीडियो जारी कर माफी मांगी। इसमें उसने कहा- भाइयों, मैं 3 दिन पहले श्री दरबार साहिब गया था। बचपन से मैं वहां जाना चाहता था। मुझे वहां की मर्यादा के बारे में नहीं पता था। मैंने सरोवर के पानी से वजू किया था, धोखे से मेरे मुंह से पानी निकलकर उसमें गिर गया। मैं सारे पंजाबी भाइयों से सॉरी बोलता हूं। मैं वहां आकर भी सॉरी बाेलूंगा। मैं पूरी सिख कम्युनिटी को सॉरी बोलता हूं। मैं सभी धर्मों का सम्मान करता हूं। हालांकि इस दौरान उसने हाथ जेब में डाले हुए थे। दूसरी बार एक बार ही हाथ जोड़ा
उसकी पहली माफी को सिख समुदाय ने सही नहीं माना। उनका कहना था कि युवक ने हाथ जेब में डाले हुए थे। इसके बाद युवक सुब्हान रंगरीज ने 17 सेकेंड का नया वीडियो जारी किया। इसमें उसने कहा- जब मैं दरबार साहिब गया था, तब मुझसे एक बड़ी गलती हो गई। यह गलती भूलवश हुई थी। मुझे वहां की मर्यादा की पूरी जानकारी नहीं थी, नहीं तो मैं ऐसी गलती कभी नहीं करता। आप मुझे अपना बेटा समझकर, अपना भाई समझकर माफ कर दीजिए। इस दौरान उसने एक बार हाथ भी जोड़ा। वीडियो के ऊपर भी उसने सॉरी दिल से लिखा हुआ था। ———- ये खबर भी पढ़ें… गोल्डन टेंपल के पवित्र सरोवर में कुल्ला किया, पानी मुंह में लेकर वहीं थूका, मुस्लिम शेर लिख VIDEO वायरल की पंजाब के अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल में एक युवक के पवित्र सरोवर में कुल्ला करते हुए रील बनाई गई। वीडियो को ‘मुस्लिम शेर’ लिखकर सोशल मीडिया पर डाला गया है। जो युवक कुल्ला करता दिखाई दे रहा है, उसे मुस्लिम टोपी पहनी हुई है। ये वीडियो सामने आने के बाद इसका विरोध शुरू हो गया। पूुरी खबर पढ़ें…