ललितपुर में प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्यमंत्री और प्रभारी मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने शनिवार को जनपद के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान एआरटीओ, युवा कल्याण अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत पवन गुप्ता और पीडी सीएनडीएस सहित चार अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। मंत्री ने इन सभी अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। बैठक में एआरटीओ की अनुपस्थिति में पीटीओ लिली चौधरी ने उनके स्थान पर हस्ताक्षर कर दिए। इस पर राज्यमंत्री ने पीटीओ लिली चौधरी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठकों को गंभीरता से न लेने वाले अधिकारियों को चिन्हित कर मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा। प्रभारी मंत्री ने बताया कि आगामी माह में मुख्यमंत्री का जनपद भ्रमण संभावित है। इसके मद्देनजर सभी विभाग अपनी योजनाओं और विकास कार्यों को समय पर पूरा कर लें। उन्होंने सभी विभागों को अनिवार्य रूप से विकास कार्यों के लोकार्पण व शिलान्यास की सूचना दो दिन के भीतर मुख्य विकास अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विद्युत आपूर्ति की समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीण इलाकों में रोस्टर के अनुसार आपूर्ति न होने की शिकायत की। साथ ही, किसानों के कनेक्शन काटने के बाद लाइनमैनों द्वारा उन्हें जोड़ने में चक्कर लगवाने की स्थिति भी बताई गई। इस पर प्रभारी मंत्री ने लापरवाह लाइनमैनों को निलंबित करने के निर्देश दिए। डीएफओ ने बैठक में जानकारी दी कि 2 फरवरी को जनपद में प्रदेश की पहली और भारत की दूसरी वल्चर सेंचुरी का उद्घाटन किया जाएगा। बैठक से पहले, प्रभारी मंत्री ने शहजाद नदी के पुल, नेहरू महाविद्यालय की ओर बड़ी नहर की पुलिया और कैलगुवॉ ओवरब्रिज का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने अभियंताओं को गुणवत्तापूर्ण कार्य करते हुए जल्द से जल्द परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए।