लखनऊ में स्कूटी से जा रही महिला को टक्कर मारी:बोला- कोर्ट में बयान बदलो नहीं तो जान से मार दूंगा, FIR दर्ज

लखनऊ में कोर्ट में बयान देने जा रही एक महिला को धमकाने और जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने बयान बदलने का दबाव बनाया और न मानने पर एक्सीडेंट कराने की धमकी दी। जिसके बाद स्कूटी से जा रही महिला को तेज रफ्तार बाइक सवारों ने टक्कर मार दी। पुलिस मुकदमा मामले की जांच कर रही है। द्वारकापुरी कॉलोनी आईआईएम रोड निवासी युवती का मामला कोर्ट में चल रहा है। नामजद आरोपी शुभम मौर्या उर्फ मधुर मौर्या निवासी ग्राम मधानी महरुआ अंबेडकर नगर है।पीड़िता का आरोप है कि जब-जब वह कोर्ट में बयान देने जाती थी। आरोपी शुभम मौर्या सामने से धमकी देता था कि बयान बदल दो नहीं तो एक्सीडेंट में मर जाओगी। या फिर जान से मार दी जाओगी। इसके बावजूद युवती ने अपना बयान नहीं बदला। महिला को सिर, कमर, पेट और पैर में अंदरूनी चोटें आईं आरोप है कि 5 जनवरी को दोपहर करीब 12:40 बजे जब वह कोर्ट में बयान देने स्कूटी से जा रही थीं। तभी डालीगंज पुल से करीब 50 मीटर पहले तेज रफ्तार बुलेट बाइक पर सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में महिला को सिर, कमर, पेट और पैर में अंदरूनी चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सड़क किनारे बैठाया गया। पीड़िता का कहना है कि वह किसी तरह बच गईं और बाद में थाना बख्शी का तालाब पहुंची। जहां उनका मेडिकल कराया गया, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। आरोपी कर रहा पीड़िता को ब्लैकमेल दीपशिखा का आरोप है कि आरोपी शुभम मौर्या लगातार उन्हें धमका रहा है। उनके रिश्तेदारों के यहां मुकदमे की कॉपी दिखाकर बदनाम किया जा रहा है। साथ ही आरोपी यह कहकर दबाव बना रहा है कि मुकदमा वापस ले लो नहीं तो वीडियो वायरल कर दूंगा। जिससे तंग आकर युवती ने अलीगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर अलीगंज का कहना है मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।