दरोगा ने थाना में कराया निकाह, लाइन हाजिर:प्रेमी युगल का जबरन निकाह के आरोप पर एसपी ने की कार्रवाई, जांच जारी

हापुड़ में धौलाना थाना क्षेत्र में एक दारोगा पर थाने के भीतर जबरन निकाह कराने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानजय सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित दरोगा जब्बार अहमद को लाइन हाजिर कर दिया है। इस घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, यह मामला करीब एक सप्ताह पहले का है। गांव निधावली की एक युवती मेरठ के किठौर निवासी एक युवक के साथ घर से चली गई थी। युवती के परिजनों ने बाद में दोनों को ढूंढ निकाला और वापस घर ले आए। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद युवक और युवती को धौलाना थाने लाया गया। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने दोनों को करीब तीन दिनों तक थाने में हिरासत में रखा। इसी दौरान थाने में तैनात दारोगा जब्बार अहमद ने युवक और युवती पर दबाव बनाया और थाने में ही उनका जबरन निकाह करा दिया। इस घटना से आहत होकर गांव निधावली के ग्रामीणों ओर युवक के रिश्तेदारों ने 21 जनवरी को पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानजय सिंह ने मामले की प्रारंभिक जांच कराई। आरोपों में प्रथम दृष्टया गंभीरता पाए जाने पर शनिवार शाम दारोगा जब्बार अहमद को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई होगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।