नीट की तैयारी कर रही छात्रा ने लगाई फांसी:किराए के कमरे में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। रविवार सुबह छात्रा का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मऊ जिले के मधुवन नगर के दूसर गांव निवासी संजय कुमार यादव की बेटी श्वेता यादव (18) बीबीडी शिवनगर तिराहे के पास किराए के मकान में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। पुलिस के मुताबिक शनिवार रात श्वेता ने खाना खाया और अपने कमरे में सोने चली गई। रविवार सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो मकान मालिक को शक हुआ। मकान मालिक ने झरोखे से कमरे के अंदर झांककर देखा तो श्वेता का शव पंखे के सहारे दुपट्टे के फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।