टोल मांगा तो ड्राइवर बोला…विधायक का रिश्तेदार हूं:मेरठ में फर्जी विधायक का पास लगी कार ने टोल बैरियर तोड़ा, काशी टोल प्लाजा की घटना

मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के काशी टोल प्लाजा पर विधायक का पास लगी कार ने टोल बैरियर तोड़ दिया। कार का ड्राइवर टोल बैरियर तोड़कर भाग गया। अब पुलिस टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। काशी टोल प्लाजा पर रविवार को पुलिस चेकिंग के दौरान यह घटना हुई। कार पर विधायक का फर्जी पास लगा था। चेकिंग के दौरान यह घटना सामने आई। पुलिस चेकिंग में कार किसी विधायक की नहीं थी, बस उस पर विधायक के नाम का फर्जी पास लगा था। इसी बीच कार ड्राइवर टोल बैरियर तोड़कर भाग गया। सीसीटीवी देखकर आरोपी तलाश रही पुलिस गणतंत्र दिवस के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के दौरान रविवार को मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे के काशी टोल प्लाजा पर पुलिस चेकिंग के दौरान एमएलए पास लगी कार का ड्राइवर टोल बैरियर तोड़कर भाग गया। परतापुर थाना पुलिस टोल पर लगे कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश में लगी है। रविवार को काशी टोल प्लाजा पर सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना पुलिस बल के साथ वाहनों की चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर दिल्ली की ओर से मेरठ आ रही एक वोक्स वैगन कार को पुलिसकर्मियों ने रोक लिया। शीशे पर लगा था एमएलए का पास कार के शीशे पर एमएलए के नाम का पास लगा था, जबकि कार के शीशों पर काली फिल्म लगी थी। पुलिसकर्मियों ने कार की जांच शुरू की और पूछा कि एमएलए कौन हैं। युवक ने बताया कि उसका एक करीबी रिश्तेदार एमएलए है। इसी दौरान युवक ने अचानक कार स्टार्ट की और टोल बैरियर तोड़कर भाग निकला। पुलिसकर्मियों ने ड्राइवर को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह तेज रफ्तार के साथ भाग निकला और पुलिस के हाथ नहीं आ सका। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि कार नंबर से ड्राइवर की पहचान की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़कर कार्रवाई की जाएगी। टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरो से भी मदद ली जा रही है।