देवरिया में नीलगाय से टकराई बाइक:एक युवक की मौत, हादसे में दो लोग घायल

देवरिया में रुद्रपुर-देवरिया मार्ग पर रविवार देर शाम एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब उनकी बाइक अचानक सड़क पर आई नीलगाय से टकरा गई। जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर आजाद नगर निवासी अभिषेक सोनकर (19), ओम सोनकर (20) और भूअरा (19) एक ही बाइक से रुद्रपुर से देवरिया की ओर जा रहे थे। पेट्रोल पंप के पास अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर नीलगाय से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही उप निरीक्षक कृष्णकांत और कांस्टेबल राजेश मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद अभिषेक सोनकर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल देवरिया रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान अभिषेक सोनकर की मौत हो गई। उनकी मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, ओम सोनकर और भूअरा का उपचार जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रुद्रपुर-देवरिया मार्ग पर बगीचों और पेट्रोल पंप के आसपास आवारा नीलगायों का सड़क पार करना आम बात है। इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों ने सड़क पर चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और नीलगायों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।