गजेंद्र पब्लिक स्कूल, मलियाना मेरठ द्वारा रविवार को विद्यालय की स्थापना के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वार्षिक उत्सव एवं गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग, आकर्षक एवं संदेशवाहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने खूब सराहा। नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी अभिभावकों को मंत्रमुग्ध व भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष, क्रीड़ा भारती (अखिल भारतीय संगठन) एवं समाजसेवी श्री अश्वनी गुप्ता ने सभी प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में धन सिंह कोतवाल शोध संस्थान के अध्यक्ष तस्वीर सिंह चपराना, रोटरी क्लब मेरठ प्रभात के आगामी सत्र के असिस्टेंट गवर्नर सेंसर पाल शर्मा, भारत विकास परिषद के प्रांत मीडिया प्रभारी सुरेश चंद्र एवं कोषाध्यक्ष सौरव गर्ग सहित अनेक गणमान्य एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन अनिल कुमार एवं मनमोहन सिंह धामा द्वारा किया गया। विद्यालय के प्रबंधक श्री रणवीर सिंह धामा एवं प्रधानाचार्य श्रीमती सुगम सिंह धामा ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों को बधाई दी।