सुल्तानपुर शहर के बस स्टेशन स्थित अन्नपूर्णा भोजनालय में गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर तीन शराबियों ने जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने भोजनालय के मालिक के भतीजे और एक व्यवसायी से मारपीट की। इस घटना के दौरान बस स्टेशन जैसे व्यस्ततम इलाके से भी पुलिस नदारद रही। रविवार शाम करीब 5:30 बजे तीन शराबी अन्नपूर्णा भोजनालय में घुसे और खाने का ऑर्डर दिया। इसके बाद वे वहीं बैठकर शराब पीने लगे। भोजनालय के अवधेश गुप्ता ने जब उन्हें शराब पीने से मना किया तो उन्होंने गाली-गलौज की। खाने का पैसा मांगने पर उन्होंने मालिक के भतीजे मोलू गुप्ता का कॉलर पकड़कर थप्पड़ मारे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे व्यवसायी अरविंद चौरसिया ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इस पर तीनों शराबियों ने उनसे भी गाली-गलौज की और मारपीट करने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। उत्पात मचा रहे तीनों व्यक्तियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में व्यवसायी अरविंद चौरसिया ने कोतवाली नगर में तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। गौरतलब है कि पूर्व में भी इसी होटल के मालिक अमित गुप्ता को गोली मारकर लूटपाट की घटना हुई थी, जिससे इस इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठते रहे हैं।