देश भर में 26 जनवरी को 77वां गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। इसे लेकर आगरा शहर के प्रमुख चौराहे और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बड़ा दी है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। ताजमहल सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने होटल, रेस्टोरेंट, धर्मशाला, मॉल, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर चेकिंग अभियान चलाया है। जिले की सीमाओं पर आगरा जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। रेलवे प्रशासन ने भी सुरक्षा के मद्देनजर कड़े कदम उठाए हैं। डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया-गणतंत्र दिवस के मौके पर आगरा शहर को 6 जोन में बांटा गया है। इनके प्रभारी ACP रहेंगे। इसके अलावा 18 सेक्टरों है, जिसके प्रभारी थाना अध्यक्ष रहेंगे। जहां-जहां पर प्रभात रैली या तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है, पुलिस मौके पर रहेगी। इसके अलावा शहर के प्रत्येक चौराहे पर पुलिस बल रहेगा। और गणतंत्र दिवस एक अच्छे माहौल में मनाया जाएगा।