लखनऊ के निशातगंज स्थित पेपर मिल कॉलोनी में दो दिवसीय ‘तिरंगा उत्सव-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। 25 और 26 जनवरी 2026 को होने वाले इस उत्सव का मुख्य उद्देश्य देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करना है। अक्षय समिति और बंगाली वेलफेयर सोसाइटी, लखनऊ के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का मूल संदेश ‘देश है तो हम हैं, सबसे पहले हम भारतीय हैं’ है। इस उत्सव का लक्ष्य धर्म, भाषा और संस्कृति की सीमाओं से परे जाकर समाज के सभी वर्गों को एकजुट करना और राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रसारित करना है। उत्सव स्थल को तिरंगा थीम पर सजाया गया है, जो ‘अनेकता में एकता’ की भावना को जीवंत रूप से प्रदर्शित करता है। धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक दिखी अक्षय समिति के अध्यक्ष प्रतीक सिंह ने बताया कि उत्सव के दौरान देशभक्ति से परिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकनृत्य और संगीत प्रस्तुतियां दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों, युवाओं और महिलाओं के लिए चित्रकला, रंगोली और शंख प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जहां प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और राष्ट्रप्रेम का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही, लखनऊ की विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक भी प्रस्तुत की गई। उत्सव स्थल पर लगाए गए खाद्य, कला और हस्तशिल्प स्टॉल्स ने पूरे परिसर को एक जीवंत मेले का रूप दे दिया है, जहां परिवारों और बच्चों की विशेष चहल-पहल देखी जा रही है। आयोजकों ने बताया कि 26 जनवरी को बीजेपी विधायक नीरज सिंह द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा, जिसमें अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहेंगे। ये लोग शामिल हुए कार्यक्रम में महाराज स्वामी मुक्तिनाथानंद (स्वामी रामकृष्ण मिशन) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में लखनऊ के महापौर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र नीरज सिंह, जिला न्यायाधीश, सीबीआई न्यायाधीश, प्रधान सचिव पार्थ सारथि सेन शर्मा और लीना जोहरी शामिल थे।