नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में बीटेक छात्र उदित सोनी की आत्महत्या मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी हॉस्टल में वार्डन के पद पर कार्यरत हैं। बताया गया है कि बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र उदित सोनी ने शुक्रवार रात हॉस्टल की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उदित और उसके कुछ दोस्त शराब पीकर हॉस्टल लौटे थे। इस दौरान वार्डन और अन्य लोगों ने उनसे भारी जुर्माना वसूला और मारपीट की। इस घटनाक्रम से उदित मानसिक रूप से परेशान हो गया था। इसी तनाव में उसने रात में अपने कमरे से बाहर निकलकर चौथी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उदित के पिता की तहरीर पर इस मामले में कुल 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। रविवार को पुलिस ने स्थानीय खुफिया जानकारी और गोपनीय सूत्रों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में फरार चल रहे सत्यनारायण पाण्डेय और धर्म सिंह सिकरवार को शारदा गोलचक्कर के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी उसी हॉस्टल में वार्डन के पद पर कार्यरत थे। इसके अलावा मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश अभी जारी है।